मौसम ने बदला मिजाज, मुजफ्फरनगर में झमाझम बारिश:गर्मी और उमस से मिली राहत, तेज हवाओं से बिजली लाइनों में आया फॉल्ट

मौसम ने बदला मिजाज, मुजफ्फरनगर में झमाझम बारिश:गर्मी और उमस से मिली राहत, तेज हवाओं से बिजली लाइनों में आया फॉल्ट

मुजफ्फरनगर जनपद में मौसम विभाग की चेतावनी आखिरकार सटीक साबित हुई। शनिवार की दोपहर पहले तेज धूलभरी आंधी चली और उसके कुछ ही देर बाद जिलेभर में झमाझम बारिश शुरू हो गई। तेज हवाओं और बारिश के इस दोहरे असर से जहां लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली, वहीं कई इलाकों में बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। दोपहर के समय अचानक आसमान में काले बादल छा गए और देखते ही देखते तेज हवाएं चलने लगीं। कई स्थानों पर हवा की रफ्तार इतनी तेज थी कि पेड़ों की टहनियां टूट गईं और बिजली लाइनों पर गिर गईं। इसके चलते शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के अनेक इलाकों में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। कई मोहल्लों और गांवों में देर रात तक बिजली नहीं पहुंच सकी, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आंधी के बाद शुरू हुई बारिश ने पूरे जिले को तरबतर कर दिया। मुज़फ़्फ़रनगर शहर, खतौली, बुढ़ाना, चरथावल, जानसठ, पुरकाजी और ग्रामीण क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। कई स्थानों पर सड़कों पर पानी भर गया, जबकि बाजारों में लोगों को बारिश से बचने के लिए दुकानों और छज्जों का सहारा लेना पड़ा। उमस के कारण जनजीवन हो रहा प्रभावित पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा था। दिनभर चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान कर रखा था। लेकिन शनिवार शाम हुई बारिश के बाद मौसम पूरी तरह बदल गया। 42 डिग्री तापमान अब गिरकर करीब 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। उधर, बिजली विभाग की टीमें लगातार फॉल्ट खोजने और आपूर्ति बहाल करने में जुटी हुई हैं। विभाग के अनुसार तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर लाइनें प्रभावित हुई हैं, जिन्हें दुरुस्त करने का काम तेजी से किया जा रहा है। मौसम विभाग ने अभी भी अगले कुछ घंटों और आगामी दिनों में तेज हवाओं, गरज-चमक, वज्रपात और बारिश की संभावना जताई है। जिला प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *