कटनी जिले के बड़वारा विकासखंड में बढ़ते तापमान और गिरते जलस्तर के कारण पेयजल की समस्या गंभीर हो गई है। भीषण गर्मी में राहगीरों, स्कूली बच्चों और मजदूरों को हो रही परेशानी को देखते हुए स्थानीय समाजसेवियों ने बुधवार को जनपद पंचायत सीईओ को ज्ञापन दिया। उन्होंने क्षेत्र की सभी 66 ग्राम पंचायतों के सार्वजनिक स्थलों पर तत्काल निशुल्क प्याऊ शुरू करने की मांग की है। सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल व्यवस्था न होने से आक्रोश समाजसेवी सावित्री केवट और पूजा सिंह ने बताया कि नियमानुसार ग्राम पंचायतों को गर्मी शुरू होते ही मुख्य बाजारों और बस स्टैंडों पर पानी के इंतजाम करने चाहिए थे। अब तक ठोस व्यवस्था न होने के कारण मनरेगा मजदूर और आम जनता महंगे दामों पर पानी खरीदने को मजबूर हैं। समाजसेवियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द प्याऊ केंद्र नहीं खुले, तो स्थिति और भी चिंताजनक हो जाएगी। पंचायत फंड से प्याऊ केंद्र शुरू करने की अपील ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि जनपद की समस्त 66 ग्राम पंचायतों को पंचायत फंड या प्रशासनिक स्तर से पेयजल केंद्र संचालित करने के निर्देश दिए जाएं। समाजसेवियों ने सीईओ से आग्रह किया है कि मानवीय संकट को देखते हुए प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन सौंपने वाली महिलाओं में नंदिनी रजक, प्रभा सेन, बबीता सिंह और फिजा बी शामिल रहीं। उन्होंने उम्मीद जताई है कि प्रशासन इस समस्या पर त्वरित निर्णय लेगा। फिलहाल ग्रामीण क्षेत्रों में प्याऊ न होने से राहगीर भीषण धूप में पानी के लिए भटकने को मजबूर हैं, जिससे उनकी सेहत पर भी खतरा बना हुआ है।


