शुरुआत में यह सिर्फ फुटबॉल विश्लेषण माना जा रहा था, लेकिन अब मामला खुलकर जुबानी जंग तक पहुंच गया है। इंग्लैंड के मशहूर क्लब मैनचेस्टर यूनाइटेड के पूर्व कप्तान रॉय कीन और मौजूदा कप्तान ब्रूनो फर्नांडिस के बीच बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है। दोनों दिग्गजों के बीच यह विवाद अब सोशल मीडिया तक पहुंच चुका है, जिस पर दुनियाभर के फुटबॉल प्रशंसकों की नजर बनी हुई है।मौजूद जानकारी के अनुसार, रॉय कीन ने सोशल मीडिया पर एक गधे की तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि “जरूरत से ज्यादा ध्यान मिलने पर गधा भी खुद को शेर समझने लगता है।” माना जा रहा है कि यह पोस्ट सीधे तौर पर ब्रूनो फर्नांडिस को जवाब देने के लिए की गई थी। गौरतलब है कि इससे कुछ घंटे पहले ही ब्रूनो फर्नांडिस ने एक पॉडकास्ट में रॉय कीन पर झूठ बोलने का आरोप लगाया था।दरअसल, विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब रॉय कीन ने हाल ही में एक फुटबॉल कार्यक्रम में ब्रूनो फर्नांडिस की आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि ब्रूनो व्यक्तिगत रिकॉर्ड और असिस्ट संख्या पर ज्यादा ध्यान देते हैं, जबकि टीम की जरूरत को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। रॉय कीन ने दावा किया था कि एक मैच के बाद ब्रूनो ने कहा था कि वह कुछ मौकों पर गोल करने के बजाय पास देकर अपना रिकॉर्ड बढ़ाना चाहते थे।हालांकि ब्रूनो फर्नांडिस ने इन दावों को पूरी तरह गलत बताया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया था और रॉय कीन ने उनकी बातों को गलत तरीके से पेश किया। ब्रूनो ने साफ कहा कि उन्हें आलोचना से कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन किसी के द्वारा उनके नाम पर गलत बातें कहना स्वीकार नहीं है।बता दें कि ब्रूनो फर्नांडिस ने हाल ही में इंग्लिश प्रीमियर लीग में एक सीजन में सबसे ज्यादा असिस्ट देने का रिकॉर्ड बनाया था। उन्होंने दिग्गज खिलाड़ियों थिएरी हेनरी और केविन डी ब्रुइन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा था। इसी रिकॉर्ड को लेकर टीम के जश्न पर भी रॉय कीन ने नाराजगी जताई थी।ब्रूनो ने यह भी खुलासा किया कि उन्होंने मामले को निजी तौर पर सुलझाने की कोशिश की थी। इसके लिए उन्होंने पूर्व मैनेजर ओले गुन्नार सोल्स्कजेर से रॉय कीन का संपर्क भी मांगा था, ताकि दोनों आमने-सामने बात कर सकें।रॉय कीन लंबे समय से ब्रूनो फर्नांडिस की कप्तानी शैली, मैदान पर बॉडी लैंग्वेज और नेतृत्व क्षमता को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ ब्रूनो फर्नांडिस मौजूदा समय में मैनचेस्टर यूनाइटेड के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। ऐसे में दोनों के बीच बढ़ता यह विवाद अब फुटबॉल जगत में बड़ी चर्चा का विषय बन गया है।
Hindi News – News in Hindi – Latest News in Hindi | Prabhasakshi


