Right Time to Take Vitamins: हम अक्सर हेल्दी खाने की बात करते हैं, लेकिन सिर्फ पेट भरना ही काफी नहीं होता। शरीर को सही तरीके से काम करने के लिए विटामिन और मिनरल्स भी चाहिए होते हैं। ये शरीर को ताकत देने, नसों को स्वस्थ रखने, हड्डियां मजबूत बनाने और रोगों से लड़ने की क्षमता बढ़ाने में मदद करते हैं।
न्यूरोलॉजिस्ट और जनरल फिजिशियन डॉ. प्रियंका सेहरावत के मुताबिक, कई लोग विटामिन सप्लीमेंट तो लेते हैं, लेकिन उन्हें सही समय और सही तरीके से नहीं लेते। इसकी वजह से शरीर को पूरा फायदा नहीं मिल पाता।
कितने तरह के होते हैं विटामिन?
डॉ. प्रियंका बताती हैं कि विटामिन मुख्य रूप से दो तरह के होते हैं, पानी में घुलने वाले और फैट में घुलने वाले।
पानी में घुलने वाले विटामिन
इनमें विटामिन B1, B2, B3, B6, B9, B12 और विटामिन C आते हैं। ये शरीर में ज्यादा देर तक जमा नहीं रहते, इसलिए इन्हें सही समय पर लेना जरूरी होता है। डॉक्टर के मुताबिक, इन्हें खाली पेट या नाश्ते के 30 मिनट बाद लेना बेहतर माना जाता है।
फैट में घुलने वाले विटामिन
इनमें विटामिन A, D, E और K शामिल हैं। इन विटामिन को शरीर में अच्छे से घुलने के लिए चिकनाई वाली चीजों की जरूरत होती है। इसलिए इन्हें खाने के साथ या खाने के तुरंत बाद लेना चाहिए। डॉ. प्रियंका कहती हैं कि विटामिन डी पाउडर दूध के साथ लेने से ज्यादा फायदा मिल सकता है।
विटामिन लेते समय किन बातों का रखें ध्यान?
- चाय-कॉफी से बनाएं दूरी
अगर आप विटामिन या आयरन सप्लीमेंट ले रहे हैं, तो उसी समय चाय या कॉफी न पिएं। इससे शरीर में उनका असर कम हो सकता है।
- आयरन के साथ लें विटामिन सी
आयरन की गोली को नींबू पानी या विटामिन सी वाली चीजों के साथ लेने से शरीर उसे बेहतर तरीके से सोख पाता है।
- आयरन और कैल्शियम साथ न लें
डॉक्टरों के मुताबिक आयरन और कैल्शियम सप्लीमेंट एक साथ लेने से दोनों का फायदा कम हो सकता है।
- रोज करें व्यायाम
नियमित व्यायाम से पेट और आंतें स्वस्थ रहती हैं, जिससे विटामिन शरीर में अच्छे से पहुंचते हैं।
- पेट के लिए फायदेमंद चीजें खाएं
दही, लस्सी, केला और खमीर वाली चीजें पेट को स्वस्थ रखने में मदद करती हैं।
कौन-सा विटामिन किस काम आता है?
- विटामिन बी12 – नसों और दिमाग के लिए जरूरी
- विटामिन सी – मसूड़ों और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता के लिए फायदेमंद
- विटामिन डी और कैल्शियम – हड्डियों को मजबूत बनाते हैं
- आयरन – शरीर में ऑक्सीजन पहुंचाने में मदद करता है
- जिंक – पेट और पाचन के लिए जरूरी
- विटामिन ए – आंखों की रोशनी के लिए जरूरी
शरीर में विटामिन की कमी के संकेत
डॉ. प्रियंका सेहरावत के मुताबिक अगर शरीर में विटामिन की कमी हो जाए, तो कुछ संकेत दिख सकते हैं जैसे —
- हाथ-पैरों में झनझनाहट
- कमजोरी और थकान
- मुंह में छाले
- मसूड़ों से खून आना
- याददाश्त कमजोर होना
- बार-बार दस्त लगना
खाने में क्या शामिल करें?
डॉक्टर के मुताबिक सिर्फ दाल-रोटी से सभी जरूरी विटामिन नहीं मिलते। इसलिए खाने में बादाम, अखरोट, कद्दू के बीज, केला, अमरूद, बाजरा, रागी, अंडे और खजूर जैसी चीजें जरूर शामिल करनी चाहिए। सप्लीमेंट लेने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें, क्योंकि जरूरत से ज्यादा विटामिन भी शरीर को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।


