फिरोजाबाद के थाना रामगढ़ क्षेत्र के नगला मिर्जा बड़ा में बौद्ध जयंती कार्यक्रम को लेकर चल रहे विवाद ने सोमवार रात हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले बौद्ध जयंती कार्यक्रम के आयोजन को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। इसी विवाद और पुरानी रंजिश के चलते सोमवार को दोनों पक्ष दोबारा आमने-सामने आ गए। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दूसरे पक्ष के लोगों को घायल कर दिया। तीन लोग घायल घायलों की पहचान नगला मिर्जा बड़ा निवासी संजीव कुमार पुत्र सुदर्शन लाल, उसके भाई शिवम और सोनू पुत्र शांति स्वरूप के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया सूचना मिलते ही थाना रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई थाना रामगढ़ इंस्पेक्टर संजीव दुबे ने बताया कि पुलिस दोनों पक्षों से जानकारी जुटा रही है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।


