मोदी सरकार से दो-दो हाथ करने के मूड में तमिलनाडु की विजय सरकार, कहा- “पीएमश्री” नहीं चलेगा

मोदी सरकार से दो-दो हाथ करने के मूड में तमिलनाडु की विजय सरकार, कहा- “पीएमश्री” नहीं चलेगा

Tamil Nadu Politics: तमिलनाडु में विजय की TVK सरकार ने प्रदेश की पारंपरिक दो-भाषा नीति पर एक बार फिर अपना रुख साफ किया है। स्कूल शिक्षा मंत्री राजमोहन ने कहा कि सरकार अपनी इस वैचारिक नीति पर कोई समझौता नहीं करेगी। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार की तीन भाषा नीति का विरोध किया। उन्होंने कहा कि पीएम श्री स्कूल योजना को लागू करने के लिए किसी भी तरह के अप्रत्यक्ष दबाव के आगे राज्य नहीं झुकेगा।

केंद्र सरकार पर साधा निशाना

मंत्री राजमोहन ने केंद्र सरकार द्वारा पिछले दो साल से प्रदेश के समग्र शिक्षा फंड को रोके जाने पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह पैसा छात्रों के लिए है, न कि सरकार या अधिकारियों के लिए। इसलिए इसे किसी भी कारण से नहीं रोका जाना चाहिए।

‘हम दवाब के आगे नहीं झुकेंगे’

वहीं पीएम श्री योजना को राज्य में लागू करने के सवाल पर मंत्री ने साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि जैसे महिलाओं के अधिकार और भूमि अधिकार TVK की मूल विचारधारा का हिस्सा हैं, वैसे ही दो-भाषा नीति भी पार्टी की घोषित नीति है। उन्होंने आगे कहा कि हम किसी भी अप्रत्यक्ष दबाव के आगे नहीं झुकेंगे।

बता दें कि पिछले दिनों राजमोहन ने पीएम श्री योजना पर विचार करेंगे कहा था, इसके बाद अटकलें लगाई जाने लगी थीं कि नई सरकार अपने रुख में बदलाव कर सकती है। हालांकि अब सरकार का रुख पूरी तरह स्पष्ट हो गया है।

केंद्र सरकार ने समग्र शिक्षा फंड जारी करने को पीएम श्री योजना लागू करने से जोड़ दिया है। इसी वजह से 2024-25 और 2025-26 के लिए तमिलनाडु को मिलने वाले 3,500 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अभी तक लंबित है।

सिंगापुर के विकास मॉडल का भी किया जिक्र

इस दौरान मीडिया से बात करते हुए मंत्री राजमोहन ने सिंगापुर के विकास मॉडल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सिंगापुर के पूर्व प्रधानमंत्री ली कुआन यू ने भी दुनिया से जुड़ने के लिए अंग्रेजी को माध्यम बनाया था। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी ही काफी है। हमारी विचारधारा पर कोई समझौता नहीं होगा।

शिक्षकों के प्रदर्शन पर क्या बोले मंत्री

शिक्षकों के विरोध प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए राजमोहन ने कहा कि उनकी कई मांगें अदालतों या विभागीय प्रक्रियाओं में लंबित हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार शिक्षकों से बातचीत कर सभी के लिए “विन-विन स्थिति” निकालने की दिशा में काम करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *