इटावा में 19 मुकदमों का शातिर अपराधी गिरफ्तार:अवैध तमंचा और कारतूस बरामद, पुलिस ने बाइक जब्त कर सीज की

इटावा में 19 मुकदमों का शातिर अपराधी गिरफ्तार:अवैध तमंचा और कारतूस बरामद, पुलिस ने बाइक जब्त कर सीज की

इटावा में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिविल लाइन पुलिस ने एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी पर पहले से 19 मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ इटावा समेत कई जिलों में लूट, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट के गंभीर मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नया मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। चेकिंग के दौरान मिली सूचना वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में अपराध रोकने और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को थाना सिविल लाइन पुलिस संदिग्ध लोगों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से हाईवे की तरफ से शहर की ओर आ रहा है और किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी शुरू कर दी। घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा पुलिस ने घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान गुलशन यादव पुत्र जयपाल सिंह निवासी ग्राम बिजनौरा थाना सकरावा जनपद कन्नौज के रूप में हुई। आरोपी की उम्र करीब 26 वर्ष बताई गई है। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के पास मौजूद हीरो होंडा मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लेकर सीज कर दिया। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना सिविल लाइन में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक संबंधों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है और उसकी गिरफ्तारी से अपराध नियंत्रण अभियान को बड़ी सफलता मिली है। गिरफ्तार आरोपी गुलशन यादव पर कुल 19 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। उसके खिलाफ इटावा, मैनपुरी, कन्नौज और कानपुर नगर समेत कई जिलों के थानों में मामले दर्ज हैं। इन मुकदमों में लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास और मारपीट जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ चौबिया, फ्रेंड्स कॉलोनी, बसरेहर, किशनी, सौरिख और रावतपुर समेत कई थानों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *