भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के तहत दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग की शुरुआत शुक्रवार को जहाज मंदिर मीरपुर में हुई। प्रशिक्षण वर्ग में भाजपा की संगठनात्मक मजबूती, वैचारिक प्रतिबद्धता और कार्यकर्ता आधारित संरचना पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की एक सशक्त विचारधारा है। कार्यक्रम में सांसद, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
राष्ट्र निर्माण की विचारधारा पर जोर प्रथम सत्र के मुख्य वक्ता प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम ने ‘हमारा सैद्धांतिक अधिष्ठान, मानव दर्शन, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और पंच निष्ठाएं’ विषय पर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जिसने अपनी संगठनात्मक शक्ति के दम पर देशभर में अलग पहचान बनाई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार द्वारा सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को प्राथमिकता देने की बात कही। गौतम ने कहा कि एक समय ऐसा था जब भाजपा का उपहास किया जाता था, लेकिन आज यह आम भारतीय की आशा और विश्वास का प्रतीक बन चुकी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सक्रियता, अनुशासन और समन्वय के साथ पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर फोकस जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी ने बताया कि यह प्रशिक्षण वर्ग जिला, मंडल और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को भाजपा की रीति-नीति, संगठन की विचारधारा और पार्टी में कार्यकर्ता की भूमिका से अवगत कराएगा। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाना है। विभिन्न विषयों पर हुए सत्र प्रशिक्षण शिविर में सांसद लुंबाराम चौधरी ने भाजपा की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। आहोर विधायक छगनलाल पुरोहित ने ‘हमारा इतिहास-विकास’ विषय पर विचार रखे। ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र कुमावत ने ‘कार्यकर्ताओं का विकास, गुण, आचरण और अपेक्षाएं’ विषय पर मार्गदर्शन दिया, जबकि पूर्व सांसद देवजी पटेल ने ‘कार्य पद्धति’ पर विस्तार से चर्चा की। जिला प्रभारी राजेंद्र बोराणा ने ‘देश के समक्ष चुनौतियां-राजनीतिक व सामाजिक’ विषय पर संबोधित किया। वहीं बाड़मेर जिलाध्यक्ष अनंतराम विश्नोई ने ‘कार्य विस्तार’ और प्रदेश मंत्री नारायण पुरोहित ने ‘प्रशिक्षण की कार्यप्रणाली और व्यवहारिक वार्तालाप’ पर अपने विचार साझा किए। पूर्व जिलाध्यक्ष कमलेश दवे और वरिष्ठ नेता बाबूभाई पटेल ने ‘चुनाव प्रबंधन’ पर जानकारी दी, जबकि पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश कोठारी ने ‘कार्यालय प्रबंधन’ विषय पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया।
दीप प्रज्वलन और वर्ग गीत से हुई शुरुआत भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रोहित खत्री ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग की शुरुआत भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद वर्ग गीत प्रस्तुत किया गया। उन्होंने बताया कि पहले दिन आयोजित आठ सत्रों में वक्ताओं ने जनसंघ से भाजपा तक के सफर, संगठन की कार्यप्रणाली और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण वर्ग के प्रभारी मानसिंह बारहठ ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष प्रकाश रावल ने किया।


