करौली में गुरुवार को ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ के तहत स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन को बढ़ावा देने के लिए पैदल यात्रा, स्वच्छता अभियान और श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष हेमसिंह भड़ाना ने सर्किट हाउस से स्वामी विवेकानंद सिटी पार्क तक पैदल चलकर अभियान में हिस्सा लिया और पार्क में श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। स्वामी विवेकानंद सिटी पार्क पहुंचकर अध्यक्ष भड़ाना ने झाड़ू लगाकर साफ-सफाई की। उन्होंने लोगों से स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने की अपील की। भड़ाना ने कहा कि जल संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है और इसके लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। निरीक्षण के दौरान भड़ाना ने बताया कि पार्क में सुबह बड़ी संख्या में लोग योग और वॉक के लिए आते हैं। उन्होंने सफाई और लाइटिंग व्यवस्था में कुछ कमियाँ पाईं, जिन्हें दूर करने के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अब पार्क में प्रतिदिन दो से तीन बार सफाई कराई जाएगी तथा सप्ताह में एक बार संपूर्ण कचरे का निस्तारण किया जाएगा। अध्यक्ष भड़ाना ने नागरिकों से भी पार्क को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों की देखभाल प्रशासन के साथ-साथ समाज की भी जिम्मेदारी है। प्रशासन ने पार्क की सभी कमियों को शीघ्र दूर करने का आश्वासन दिया है। इस कार्यक्रम में करौली विधायक दर्शन सिंह गुर्जर, भाजपा जिलाध्यक्ष गोवर्धन सिंह जादौन, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी लखन सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष आशुतोष तिवारी, एसडीएम प्रेमराज मीणा सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।


