बुमराह जैसे खतरनाक गेंदबाजों की रेल बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी को मोहसिन खान से लगता है ‘डर’? सामना होते ही फेंक देते हैं विकेट

बुमराह जैसे खतरनाक गेंदबाजों की रेल बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी को मोहसिन खान से लगता है ‘डर’? सामना होते ही फेंक देते हैं विकेट

Vaibhav Sooryavanshi vs Mohsin Khan: आईपीएल 2026 वैभव सूर्यवंशी का बल्‍ला खूब चल रहा है। मंगलवार रात भले ही वह शतक से चूक गए, लेकिन लखनऊ जायंट्स के खिलाफ 93 रनों की विस्‍फोटक पारी खेल राजस्‍थान रॉयल्‍स को जीत दिलाने में सफल रहे। उन्‍हें एक बार फिर मोहसिन खान ने अपना शिकार बनाया। 

Vaibhav Sooryavanshi vs Mohsin Khan: विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी मैच दर मैच इतिहास रच रहे हैं। उन्‍होंने इस सीजन में जसप्रीत बुमराह, जोश हेजलवुड और पैट कमिंस जैसे दुनिया के शीर्ष गेंदबाजों को भी नहीं बख्‍शा है। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ भी उन्‍होंने एक बार फिर 220+ के रन चेज में महज 38 गेंदों पर सात चौकों और 10 छक्‍कों की मदद से 93 रनों की तूफानी पारी खेली और राजस्‍थान रॉयल्‍स की जीत में अहम भूमिका निभाई। एक बार फिर वह शतक के करीब पहुंचकर चूक गए, उन्‍हें एक बार फिर मोहसिन खान ने अपना शिकार बनाया।

मोहसिन के सामने खामोश हो जाता है वैभव का बल्‍ला

आईपीएल 2026 में दुनिया के सबसे खतरनाक गेंदबाजों की धुनाई करने वाले वैभव सूर्यवंशी का बल्‍ला मोहसिन खान के आगे खामोश हो जाता है। यहां बता दें कि इस सीजन में वैभव और मोहसिन का सामना दो बार हुआ है और दोनों बार ही मोहसिन ने बाजी मारी है। विश्‍व के दिग्‍गज गेंदबाजों की रेल बनाने वाले इस 15 वर्षीय युवा बल्‍लेबाज ने अब तक मोहसिन की 12 गेंदों का सामना किया है, जिनमें वह सिर्फ दो रन ही बना पाए हैं और 8 डॉट बॉल के साथ दो बार आउट भी हुए हैं।

मोहसिन खान का आईपीएल करियर

27 वर्षीय मोहसिन खान इंडियन प्रीमियर लीग में अभी तक कुल 30 मुकाबले खेल चुके हैं, जिनकी 29 पारियों में उन्‍होंने 38 विकेट अपने नाम किए हैं। इस दौरान उनका औसत 22.87 रहा है, जबकि उन्‍होंने 8.28 की इकॉनमी से रन खर्चे हैं, जो कि टी20 क्रिकेट में अच्‍छा माना जाता है। इतना ही नहीं वह एक बार चार विकेट तो एक बार पांच विकेट हॉल भी ले चुके हैं।

अब वैभव के निशाने पर क्रिस गेल का महारिकॉर्ड

वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2012 में बनाए गए क्रिस गेल के 59 छक्कों के रिकॉर्ड को तोड़ने से अब सिर्फ 7 छक्के दूर हैं। वैभव अब तक आईपीएल 2026 में 13 मैचों की 13 पारियों में 53 छक्के लगा चुके हैं। उनके पास सीजन में एक लीग मैच और है और राजस्थान रॉयल्स के प्लेऑफ में क्वालीफाई करने के बाद उनके पास और भी मौके होंगे।

वैभव अब सूझबूझ के साथ अपनी पारी को संवारते नजर आ रहे हैं। वह अब चौकों-छक्‍कों पर ही निर्भर नहीं हैं, वह अब सिंगल-डबल भी ले रहे हैं, जैसा कि हमने राजस्‍थान रॉयल्‍स के खिलाफ मैच में देखा। ऐसे में पूरी संभावना है कि एक अच्छी पारी गेल का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए काफी होगी। वैसे, वैभव 53 छक्के के साथ एक सीजन में सबसे ज्‍यादा छक्‍के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *