Vaibhav Suryavanshi in IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में सूर्यवंशी ने 1 शतक और 5 अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 776 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड्स तोड़ डाले।
IPL 2026 GT vs RR: आईपीएल 2026 के क्वालीफायर 2 में राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने इतिहास रच दिया। वह इंडियन प्रीमियर लीग के पावरप्ले में 500 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। शुक्रवार को उन्होंने डेविड वॉर्नर का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया, जिन्होंने 2016 में 467 रन बनाए थे। सूर्यवंशी अब 19 साल के आईपीएल इतिहास में पॉवरप्ले के बीच 500 रन का आंकड़ा छूने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
पावरप्ले में बनाए 521 रन
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 की 16 पारियों में पावरप्ले के दौरान 233.63 के स्ट्राइक रेट के साथ 521 रन बनाए हैं। इस लिस्ट में डेविड वॉर्नर दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने साल 2016 में पावरप्ले के दौरान 467 रन बनाए थे। वहीं, ट्रेविस हेड ने साल 2024 में, जबकि साई सुदर्शन ने साल 2025 में 402-402 रन पावरप्ले में जुटाए थे। एडम गिलक्रिस्ट ने आईपीएल 2009 में पावरप्ले के बीच 382 रन अपने नाम किए थे।
शुक्रवार को महाराजा यादविन्द्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने गुजरात टाइटंस के विरुद्ध 47 गेंदों का सामना करते हुए 7 छक्कों और 8 चौकों की मदद से 96 रन की पारी खेली। उनकी इस पारी के साथ राजस्थान रॉयल्स ने 6 विकेट खोकर 214 रन बनाए।
IPL करियर में 1000 रन पूरे
इसी के साथ वैभव सूर्यवंशी सबसे कम पारियों में आईपीएल करियर के 1,000 रन पूरे करने वाले खिलाड़ियों की सूची में संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। सूर्यवंशी के अलावा, लेंडल सिमंस ने भी 23 पारियों में इस आंकड़े को छुआ है। इस लिस्ट में शॉन मार्श शीर्ष पर हैं, जिन्होंने 21 पारियों in 1,000 रन पूरे किए थे।
वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन 776 रन बनाए हैं। इसी के साथ वैभव एक आईपीएल सीजन में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में पांचवें पायदान पर पहुंच गए हैं। इस लिस्ट में विराट कोहली शीर्ष पर हैं, जिन्होंने साल 2016 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की तरफ से खेलते हुए 973 रन बनाए थे। इस लिस्ट में शुभमन गिल (890 रन), जोस बटलर (863 रन) और डेविड वॉर्नर (848 रन) क्रमशः दूसरे, तीसरे और चौथे पायदान पर हैं।
Sports – Patrika | CMS






