Vaibhav Sooryavanshi Breaks Sachin Tendulkar Record: IPL में रनों का अंबार लगाने वाले 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने बिना कोई इंटरनेशनल मैच खेले ही महान सचिन तेंदुलकर का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया है। डब्लिन में होने वाली आयरलैंड सीरीज में डेब्यू करते ही वह इतिहास रच देंगे।
Vaibhav Sooryavanshi Breaks Sachin Tendulkar Record: भारतीय क्रिकेट में इस समय एक 15 साल के खिलाड़ी के नाम की गूंज है। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में अपने बल्ले से कोहराम मचाने वाले राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी ने टीम इंडिया में एंट्री लेते ही एक ऐसा इतिहास रच दिया है, जिसने महान सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है। दरअसल, वैभव को आयरलैंड, इंग्लैंड दौरे और एशियन गेम्स के लिए भारतीय T20I टीम में चुन लिया गया है। इसके साथ ही वह बिना कोई मैच खेले ही भारत के लिए कॉल-अप पाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं।
अगर वैभव 27 जून को आयरलैंड के खिलाफ मैदान पर उतरते हैं, तो वह भारत के लिए डेब्यू करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन जाएंगे। इससे पहले यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था, जिन्होंने 1989 में 16 साल की उम्र में पाकिस्तान के खिलाफ डेब्यू किया था।
IPL में कमिंस और बुमराह की उड़ाई थीं धज्जियां
बाएं हाथ के इस आक्रमक बल्लेबाज ने आईपीएल 2026 के सीजन में 16 पारियों में 776 रन बनाकर मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP) का खिताब जीता। सीजन के सबसे ज्यादा रन बनाने (Orange Cap Holder) वाले वैभव ने आईपीएल नीलामी 2024 में सबसे युवा खिलाड़ी बनने से लेकर 2026 में टीम इंडिया का टिकट पाने तक का सफर बेहद कम उम्र में तय किया है।
उन्होंने आईपीएल में पैट कमिंस की गेंद पर छक्का जड़ा और जसप्रीत बुमराह की पहली ही गेंद पर छक्का मारकर सनसनी फैला दी थी। यहां तक कि पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर केरी ओ’कीफ ने तो भारत को उन्हें अगली टेस्ट बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भी आजमाने की सलाह दे दी है।
अगरकर ने कहा- उसने हमें मजबूर कर दिया
मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने साफ किया कि वैभव के टैलेंट को नजरअंदाज करना नामुमकिन था। अगरकर ने कहा, ‘उसने अपने खेल से हमें मजबूर कर दिया कि हम उसे टीम में चुनें। इतने दबाव वाले माहौल में ऐसा विस्फोटक खेल दिखाना अविश्वसनीय है। हमें उम्मीद है कि इंटरनेशनल क्रिकेट की मुश्किल चुनौतियों में भी वह ऐसा ही जज्बा दिखाएगा।’
श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली इस नई भारतीय टीम में वैभव सूर्यवंशी के साथ-साथ प्रिंस यादव जैसे नए चेहरों को भी मौका मिला है, जबकि सूर्यकुमार यादव को टीम से ड्रॉप कर दिया गया है।
Sports – Patrika | CMS




