जौनपुर के वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय (पूविवि) ने सत्र 2025-26 के विषम एवं सम सेमेस्टर की प्रायोगिक परीक्षाओं के अंक अपलोड करने से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए संबद्ध महाविद्यालयों को नए दिशानिर्देश जारी किए हैं। परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह द्वारा जारी कार्यालय ज्ञापन के अनुसार, यदि किसी महाविद्यालय को किसी पाठ्यक्रम, विषय की प्रायोगिक परीक्षा, परीक्षक या अंक अपलोड करने में समस्या आती है, तो उन्हें उसका संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत करना होगा। यह विवरण महाविद्यालय के लेटर पैड पर प्राचार्य के हस्ताक्षर के साथ निर्धारित मोबाइल नंबरों पर व्हाट्सएप के माध्यम से भेजना अनिवार्य है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस प्रक्रिया के लिए तीन मोबाइल नंबर जारी किए हैं। निर्देशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि इन नंबरों पर केवल व्हाट्सएप संदेश ही भेजे जाएं और कॉल करने से बचें।


