UGC NET 2026 Registration Extended: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने यूजीसी नेट दिसंबर 2026 परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। एजेंसी ने ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तारीख तीन दिन और आगे बढ़ा दी है। अब अभ्यर्थी बिना किसी लेट फीस के 31 अक्टूबर 2026 को रात 11:50 बजे तक आधिकारिक पोर्टल ugcnet.nta.nic.in पर जाकर अपना फॉर्म भर सकते हैं। पहले अप्लाई करने की आखिरी तारीख 28 अक्टूबर तय की गई थी। इसके अलावा एनटीए ने परीक्षा की तारीखों में भी आंशिक संशोधन किया है।
UGC NET New Exam Schedule एग्जाम शेड्यूल
पूर्व में जारी नोटिफिकेशन के अनुसार 28 अक्टूबर के बाद 500 रुपये लेट फीस के साथ 31 अक्टूबर तक फॉर्म भरने का नियम था, लेकिन अब एनटीए ने लेट फीस पूरी तरह हटा दी है। 26 अक्टूबर तक इस परीक्षा के लिए 5.50 लाख से अधिक आवेदन जमा हो चुके थे। तारीख बढ़ने के बाद अब यह संख्या और अधिक होने की उम्मीद है।
| भर्ती प्रक्रिया / इवेंट | संशोधित तारीख |
| ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि | 31 अक्टूबर 2026 (रात 11:50 बजे तक) |
| फॉर्म में करेक्शन विंडो | 02 नवंबर से 04 नवंबर 2026 |
| संशोधित परीक्षा की तारीखें | 14 से 18 दिसंबर और 21 दिसंबर 2026 |
| परीक्षा का माध्यम | कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT मोड) |
| कुल विषय | 87 विषय |
दिसंबर सत्र की यूजीसी नेट परीक्षा पहले 14 दिसंबर से 19 दिसंबर, 2026 तक होनी थी, जिसे अब बदलकर 14 से 18 दिसंबर और फिर 21 दिसंबर, 2026 कर दिया गया है। यह परीक्षा देश भर के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF), असिस्टेंट प्रोफेसर पात्रता और पीएचडी में एडमिशन के लिए साल में दो बार जून और दिसंबर में कराई जाती है।
UGC NET 2026 कैटेगरी वाइज एप्लीकेशन फीस
फॉर्म भरने के लिए कैंडिडेट्स को अपनी कैटेगरी के हिसाब से निर्धारित फीस का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा। जनरल यानी अनारक्षित वर्ग के लिए 1150 रुपये फीस रखी गई है। ईडब्ल्यूएस और ओबीसी एनसीएल वर्ग के कैंडिडेट्स के लिए फीस 600 रुपये तय की गई है। वहीं एससी, एसटी और दिव्यांग (PwD) वर्ग के साथ थर्ड जेंडर के उम्मीदवारों को 325 रुपये का भुगतान करना होगा।
शैक्षणिक योग्यता और एज लिमिट
जनरल और ईडब्ल्यूएस कैटेगरी के कैंडिडेट्स के पास कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ मास्टर डिग्री या समकक्ष योग्यता होनी चाहिए। ओबीसी एनसीएल, एससी, एसटी, दिव्यांग और थर्ड जेंडर के अभ्यर्थियों के लिए पोस्ट ग्रेजुएशन में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं। चार वर्षीय यानी आठ सेमेस्टर वाले बैचलर डिग्री धारक भी 75 प्रतिशत अंकों के साथ जेआरएफ और पीएचडी के लिए पात्र हैं, हालांकि वे असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए पात्र नहीं माने जाएंगे।
उम्र सीमा की बात करें तो जेआरएफ के लिए 1 जून, 2026 को उम्मीदवार की अधिकतम उम्र 30 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग और सभी महिला अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट दी जाएगी। असिस्टेंट प्रोफेसर और पीएचडी एडमिशन के लिए कोई भी अधिकतम उम्र सीमा निर्धारित नहीं है।
एग्जाम पैटर्न और मार्किंग स्कीम
परीक्षा कुल 180 मिनट यानी 3 घंटे की होगी, जिसमें पेपर 1 और पेपर 2 के बीच कोई ब्रेक नहीं दिया जाएगा। पूरा पेपर ऑब्जेक्टिव टाइप होगा। प्रत्येक सही उत्तर के लिए 2 अंक मिलेंगे। इस परीक्षा में किसी भी गलत उत्तर के लिए नेगेटिव मार्किंग नहीं की जाएगी।
| पेपर विवरण | प्रश्नों की संख्या | कुल अंक | विषय क्षेत्र |
| पेपर 1 (अनिवार्य) | 50 प्रश्न | 100 अंक | टीचिंग व रिसर्च एप्टीट्यूड, रीजनिंग, जनरल अवेयरनेस |
| पेपर 2 (ऐच्छिक) | 100 प्रश्न | 200 अंक | उम्मीदवार द्वारा चुना गया मुख्य विषय |
परीक्षा केंद्र पर मिलेगा पेन, ड्रेस कोड के कड़े नियम
इस बार अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर अपना बॉल पेन लेकर जाने की जरूरत नहीं होगी। एग्जाम सेंटर पर ही एनटीए की ओर से पेन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा कपड़ों और जूतों को लेकर भी स्पष्ट नियम जारी किए गए हैं। छात्र सामान्य जूते, कम एड़ी वाली चप्पल या सैंडल पहनकर परीक्षा केंद्र जा सकते हैं, लेकिन लंबे बूट पहनकर आने पर पूरी तरह रोक रहेगी।
रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए उम्मीदवारों को आधार वेरिफिकेशन के जरिए आवेदन करने की सलाह दी गई है। आवेदक इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की मेरी पहचान पोर्टल सेवा के जरिए भी सिंगल साइन ऑन करके फॉर्म भर सकते हैं। अभ्यर्थी ध्यान रखें कि एक उम्मीदवार को केवल एक ही फॉर्म भरने की अनुमति है।
लाइव फोटो कैप्चरिंग में आ रही परेशानी से ऐसे बचें
कई कैंडिडेट्स को फॉर्म भरते समय वेबकैम या मोबाइल कैमरे से लाइव फोटो कैप्चर करने में तकनीकी समस्या आ रही है। इस परेशानी से बचने के लिए एनटीए के बताए इन सुझावों का पालन करें:
- चेहरे पर लाइट का फोकस सही रखें ताकि फोटो बिल्कुल साफ आए।
- फोटो लेते समय पीछे का बैकग्राउंड बिल्कुल प्लेन और साफ सुथरा होना चाहिए।
- कैमरे के पूरे फ्रेम में केवल आवेदक का ही चेहरा दिखाई देना चाहिए, आसपास कोई दूसरा व्यक्ति न हो।
- तकनीकी अड़चन आने पर अपने वेब ब्राउजर की कैशे मेमोरी क्लियर करें या इनकॉग्निटो मोड में लॉगिन करें।
- यदि समस्या बनी रहे तो फॉर्म दोबारा ओपन करके लाइव फोटो कैप्चर का प्रोसेस नए सिरे से पूरा करें।
UGC NET 2026 ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
- सबसे पहले एनटीए यूजीसी नेट की आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर जाएं।
- होम पेज पर उपलब्ध यूजीसी नेट दिसंबर 2026 एप्लीकेशन फॉर्म के एक्टिव लिंक पर क्लिक करें।
- नए पेज पर मांगी गई सभी जरूरी जानकारियां, एक्टिव मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी सावधानीपूर्वक दर्ज करें।
- अपनी लाइव फोटो कैप्चर करें और जरूरी दस्तावेज निर्धारित साइज में अपलोड करें।
- अपनी कैटेगरी के अनुसार निर्धारित एप्लीकेशन फीस का ऑनलाइन भुगतान करें।
- फॉर्म सफलतापूर्वक सबमिट होने के बाद कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड करें और उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।

