Udaipur News: शादी समारोह में कहासुनी में विवाद, चाकू से हमले में युवक की मौत

Udaipur News: शादी समारोह में कहासुनी में विवाद, चाकू से हमले में युवक की मौत

धरियावद (उदयपुर)। प्रतापगढ़ जिले के पारसोला थाना इलाके के झाड़ोली पंचायत के पाटला बावड़ी गांव में शादी समारोह के दौरान युवाओं की आपसी कहासुनी में हुई चाकूबाजी में पाटला बावड़ी निवासी 18 वर्षीय नाथूलाल मीणा पुत्र भीमराज की मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने सोमवार को आरोपी पक्ष के युवाओं के घरों में आग लगा दी। इससे कई घरों को नुकसान पहुंचा। आगजनी की घटना से ग्राम में हालात तनावपूर्ण हो गए।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपअधीक्षक नानालाल सालवी, सीआई हजारीलाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा। ग्रामीणों एवं फायर ब्रिगेड के जरिए आग पर काबू पाया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए धरियावद, पारसोला, देवगढ़ थाने और जिला पुलिस लाइन से पुलिस जाप्ता मौके पर भेजा। जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य भी मौके पर पहुंचे और अफसरों को स्थिति नियंत्रण में रखने के लिए विशेष निर्देश दिए। पुलिस निगरानी में सोमवार दोपहर बाद धरियावद सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपा।

पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश

घटना के बाद पुलिस आरोपी हमलवारों की तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार अलग-अलग टीम बनाकर तलाश की जा रही है। उनकी तलाश में कई जगह कार्रवाई की गई।

यह था घटनाक्रम

मृतक के बड़े भाई हरीश ने थाने में कुछ लड़कों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि ग्राम में रविवार रात को शादी नूत का कार्यक्रम था। इस दौरान भाई नाथूला मीणा का ग्राम के कुछ लड़कों के साथ झगड़ा हो गया। कार्यक्रम के बाद जब वह घर की ओर आ रहा था उसी दौरान कुछ लड़कों ने रास्ता रोककर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर अवस्था में घायल नाथूलाल को धरियावद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में शव को मोर्चरी में रखवाया।

भीड़ को किया तितर बितर

घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपियों के आठ मकानों को आग के हवाले कर दिया। सूचना पर पारसोला थाना प्रभारी राकेश कटारा मय जाप्ता मौके पर पहुंचे। साथ ही धरियावद थाना व केसरियावद थाने से जाप्ता मौके पर पहुंचा। प्रतापगढ़ व छोटी सादड़ी से अग्निशमन सेवा व ग्राम पंचायत ने पानी के टैंकर पहुंचाकर आग पर काबू पाया।

पुलिस बल ने भीड़ को हटाया गया। तनाव को देखते हुए प्रतापगढ़ एसपी,धरियावद उपखण्ड अधिकारी विनित कुमार सुखाड़िया सहित प्रशासन मौके पर पहुंचे। भीड़ को तितर-बितर कर शव का पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *