लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे की सर्विस लाइन पर देर रात एक अज्ञात वाहन की टक्कर से दो व्यक्तियों की मौत हो गई। यह घटना हसनगंज कोतवाली क्षेत्र में हुई। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतकों की पहचान लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र के जलीया मऊ गांव निवासी धनीराम (55) पुत्र त्रिलोकी और उनके दामाद संजय (35) पुत्र मुन्ना, निवासी खुशहालगंज, लखनऊ के रूप में हुई है। वे मंगलवार को औरास थाना क्षेत्र के राई गांव में एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे। देर रात मोटरसाइकिल से वापस लौटते समय शाहपुर तोंदा गांव के पास ढ़ोढेबाबा मंदिर के करीब आगरा एक्सप्रेसवे की सर्विस लाइन पर एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर मृतकों के परिजनों में शोक का माहौल है। धनीराम के पुत्र विपिन और विनीत सहित पत्नी छेदाना, तथा संजय के पुत्र अभिषेक, अंश, पुत्री महक और पत्नी निशा का बुरा हाल है। हसनगंज कोतवाली प्रभारी शरद कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हुई है और पुलिस वाहन की तलाश कर रही है। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।


