चित्तौड़गढ़ शहर में पिछले कई महीनों से रात के समय सूने मकानों के ताले तोड़कर चोरी करने वाली गैंग का सदर थाना पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने भीलवाड़ा निवासी दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने सदर और कोतवाली थाना क्षेत्र में कई चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। इन चोरियों से शहर के लोगों में डर का माहौल बना हुआ था, क्योंकि आरोपी रात के समय बंद पड़े मकानों को निशाना बनाकर जेवरात और नकदी चोरी कर रहे थे। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों और चोरी के माल की बरामदगी को लेकर पूछताछ कर रही है। बापू नगर सेंती में चोरी के बाद पुलिस हरकत में आई जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि 10 मई को बापू नगर सेंती निवासी प्रदीप जैन ने सदर थाना पहुंचकर रिपोर्ट दी थी कि अज्ञात बदमाश उनके मकान का ताला तोड़कर गहने और नकदी चोरी कर ले गए। इस रिपोर्ट के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। साथ ही पिछले 2-3 महीनों में शहर में लगातार हो रही नकबजनी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एक स्पेशल टीम का गठन किया गया। पुलिस अधिकारियों ने टीम को लगातार दिशा-निर्देश देकर आरोपियों को जल्द पकड़ने के लिए कहा। पुलिस ने जुटाई जानकारी एएसपी मुकुल शर्मा और डीएसपी बृजेश सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी प्रेम सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने लगातार मेहनत करते हुए आरोपियों तक पहुंचने का काम शुरू किया। पुलिस ने चोरी की हर घटना के तरीके को बारीकी से समझा और घटनास्थलों का निरीक्षण किया। इसके अलावा तकनीकी सबूत जुटाए गए और भीलवाड़ा तथा चित्तौड़गढ़ के संदिग्ध लोगों पर नजर रखी गई। पुलिस टीम ने मुखबिरों से संपर्क कर संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों की जानकारी एकत्रित की। परंपरागत पुलिस तरीकों के साथ-साथ तकनीकी जांच का भी सहारा लिया गया, जिसके बाद पुलिस को दो युवकों पर शक हुआ। दीपक लौहार और मोहित पहाड़िया पर हुआ शक पुलिस को सूचना मिली कि भीलवाड़ा निवासी दीपक लौहार और मोहित पहाड़िया इन दिनों रात के समय चोरी और नकबजनी की वारदातों में सक्रिय हैं। इसके बाद पुलिस ने दोनों की निगरानी शुरू की और उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई। जांच में दोनों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं, खासकर चित्तौड़गढ़ शहर में हाल ही में हुई चोरी की घटनाओं के दौरान। पुलिस ने दोनों को डिटेन कर पूछताछ की तो उन्होंने कई वारदातें करना स्वीकार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रात के समय सूने मकानों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही ताला तोड़कर अंदर घुस जाते थे। इसके बाद घर में रखे जेवरात और नकदी लेकर फरार हो जाते थे। आरोपियों ने कबूली कई बड़ी चोरी की वारदातें पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने 9-10 मई की रात बापू नगर सेंती चित्तौड़गढ़ में एक मकान का ताला तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी करना स्वीकार किया। इस मामले में सदर थाना में पहले से मामले दर्ज है। इसके अलावा आरोपियों ने 4-5 अप्रैल की रात पन्नाधाय कॉलोनी चित्तौड़गढ़ में मकान का ताला तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी करना भी कबूल किया। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। वहीं आरोपियों ने गांधी नगर स्थित विद्या निकेतन स्कूल के पास एक मकान में भी चोरी की वारदात करना स्वीकार किया है। इस मामले में भी कोतवाली थाना में प्रकरण दर्ज है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से और भी वारदातों के बारे में पूछताछ की जा रही है और जल्द ही कई अन्य मामलों का खुलासा हो सकता है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुलिस ने इस मामले में भीलवाड़ा निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहला आरोपी दीपक लौहार पुत्र उदयलाल लौहार उम्र 32 वर्ष निवासी कोटा रोड, न्यू लुक स्कूल के पीछे, मारूति नगर थाना सुभाषनगर भीलवाड़ा है। दूसरा आरोपी मोहित पहाड़िया पुत्र संजय पहाड़िया उम्र 21 वर्ष निवासी सांगानेरी गेट, पथवारी के पीछे, संजय कॉलोनी थाना सुभाषनगर भीलवाड़ा है। दोनों आरोपियों से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है और चोरी के माल की बरामदगी की कोशिश की जा रही है।


