भीलवाड़ा की सुभाष नगर थाना पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए सदर थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर समेत दो बदमाश गिरफ्तार किया है। 5 जून को दर्ज बाइक चोरी की रिपोर्ट की जांच के दौरान आरोपियों की पहचान की। संभावित ठिकानों पर दबिश देकर दोनों को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर चोरी की 18 बाइक बरामद की गईं। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों और चोरी के नेटवर्क को खंगाल रही है। 5 जून को दर्ज हुई बाइक चोरी की रिपोर्ट सुभाष नगर थाना प्रभारी कैलाश कुमार ने बताया – सांगानेर रोड निवासी शंभू दयाल ने 5 जून को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया कि उनकी बाइक वर्धमान स्कूल के पास खड़ी थी, जिसे कोई अज्ञात व्यक्ति चुरा ले गया। काफी तलाश के बाद भी बाइक नहीं मिलने पर उन्होंने पुलिस में शिकायत दी। सीसीटीवी और इंटेलिजेंस से आरोपियों तक पहुंची पुलिस जांच के दौरान पुलिस ने वारदात में शामिल अपराधियों के हुलिए और संभावित रूट मैप तैयार किए। इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर कई स्थानों पर दबिश दी गई। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में 18 बाइक चोरी की वारदातें कबूलीं पूछताछ में दोनों आरोपियों ने शंभू दयाल की बाइक चोरी करने के साथ-साथ 17 अन्य बाइक चोरी करना भी स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर 18 चोरी की बाइक बरामद कर लीं। एक आरोपी हिस्ट्रीशीटर, 15 मामले पहले से दर्ज पुलिस ने बाइक चोरी के आरोप में हिस्ट्रीशीटर गोपाल (37) और उसके साथी भैंरूलाल (29) को निवासी भीलवाड़ा को गिरफ्तार किया है।गोपाल के खिलाफ भीलवाड़ा के विभिन्न थानों में अलग-अलग धाराओं के 15 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।


