ग्वालियर शहर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र में अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। ससुराल से लौट रहे एक दिव्यांग किराना कारोबारी की स्कूटी को तेज रफ्तार कार ने बेरहमी से टक्कर मार दी। घटना आठ दिन पहले की है। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण व्यवसायी कोमा में चला गया था। 8 दिन तक जिंदगी की जंग लड़ने के बाद शनिवार को व्यवसायी ने दम तोड़ दिया। वहीं, दूसरे हादसे में महाराजपुरा में भिंड से ग्वालियर आ रहे बाइक सवार दादी-पोते को एक अज्ञात तेज रफ्तार कार ने अपनी चपेट में ले लिया, जिसमें बुजुर्ग दादी की उपचार के दौरान मौत हो गई। बेहोशी ही हालत में छोड़ दी दुनिया महाराजपुरा थाना पुलिस ने बताया कि आंतरी के गांव सिकरौदा के रहने वाले जसवंत सिंह राजपूत दिव्यांग (शारीरिक रूप से अक्षम) थे। वे अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए घर पर ही किराना दुकान का संचालन करते थे। 29 मई 2026 को जसवंत अपनी स्कूटी से महाराजपुरा क्षेत्र में अपनी ससुराल में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब वे रात के समय स्कूटी से वापस अपने गांव सिकरौदा लौट रहे थे, तभी काल बनकर आई एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। लक्ष्मणगढ़ पुल के पास ग्वालियर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार क्रमांक MP 07 CE 4847 के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए जसवंत की स्कूटी को सामने से जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भयानक थी कि जसवंत सड़क पर दूर जा गिरे और उनके सिर में अंदरूनी व गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद आरोपी चालक अपनी कार सहित मौके से भाग निकला। “कोमा’ में चला गया था घायल, बाहर ही नहीं आया हादसे के बाद पुलिस ने जसवंत को पहले एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। सिर में गहरी चोट होने के कारण वह कोमा में चले गए थे। दो दिन पहले हालत और बिगड़ने पर परिजन उन्हें ‘एक हजार बिस्तर अस्पताल’ ले गए, जहां शनिवार सुबह उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। जसवंत की मौत से उनके 6 वर्षीय मासूम बेटे और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। भिंड रोड पर पोते के साथ आ रही बुजुर्ग दादी की मौत सड़क दुर्घटना का दूसरा मामला भी महाराजपुरा थाना क्षेत्र का है। भिंड के रहने वाले प्रदीप गर्ग दो दिन पहले बुजुर्ग दादी फूलवती देवी को बाइक पर पीछे बैठाकर किसी काम से भिंड से ग्वालियर आ रहे थे। प्रदीप की बाइक जैसे ही लक्ष्मणगढ़ के पास भिंड रोड पर पहुंची, तभी पीछे से आ रही एक अज्ञात कार के चालक ने तेजी और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी थी। इस हादसे में बाइक चला रहा प्रदीप और पीछे बैठी उसकी दादी फूलवती दोनों ही सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। राहगीरों की मदद से पुलिस ने दोनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहां इलाज के दौरान बुजुर्ग महिला फूलवती देवी की सांसें थम गईं। मामले में महाराजपुरा थाना प्रभारी यशवंत गोय के बताया कि, “लक्ष्मणगढ़ पुल के पास कार की टक्कर से घायल हुए दिव्यांग की अस्पताल में मौत हो गई है। दुर्घटना के तुरंत बाद कार चालक के खिलाफ एक्सीडेंट की एफआईआर दर्ज की गई थी। अब घायल की मौत के बाद मामले में आरोपी चालक पर धाराएं बढ़ा दी गई हैं। जल्द आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।


