कासगंज जनपद की कोतवाली कासगंज क्षेत्र के नदरई स्थित हजारा नहर में शनिवार को एक हादसा हो गया। नहर में नहाने गए तीन युवकों में से दो सगे भाई छोटू और अजय गहरे पानी में डूब गए। एक अन्य युवक तैरकर बाहर निकल आया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, गोताखोर और पीएसी की फ्लड यूनिट की टीम मौके पर पहुंच गई। लापता युवकों की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक हाथरस जनपद के टिकरी नगला गांव के निवासी थे और अपने दोस्त सुमित के साथ नदरई नहर में नहाने आए थे। नहाते समय अचानक वे गहरे पानी में चले गए। इस दौरान सुमित किसी तरह नहर से बाहर निकल आया, जबकि छोटू और अजय डूब गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी मौके पर पहुंच गए। समाचार लिखे जाने तक दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं लग सका था और तलाश अभियान जारी था। सीओ आँचल चौहान और इंस्पेक्टर प्रवेश राणा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर मौजूद हैं। एक की 4 महीने पहले हुई थी शादी नहर में डूबकर लापता हुए छोटू की शादी 20 फरवरी को एटा जिले के मिरहची थाना क्षेत्र के लोधामई गांव की रहने वाली तान्या से हुई थी। छोटू ड्राइविंग का काम करता था, जबकि उसका भाई अजय गांव में खेती का काम करता था। दोनों भाइयों के पिता डालचंद्र का पहले ही निधन हो चुका है।


