ललितपुर में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, किसान की मौत:4 घायल, 3 झांसी रेफर; भतीजे की शादी का कार्ड बाटकर लौट रहे थे घर

ललितपुर में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, किसान की मौत:4 घायल, 3 झांसी रेफर; भतीजे की शादी का कार्ड बाटकर लौट रहे थे घर

ललितपुर में मंगलवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक किसान की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में मृतक का छोटा भाई, बहू और दूसरी बाइक पर सवार दो युवक शामिल हैं। तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मृतक की पहचान रामदास (55) निवासी नैगांव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह अपने भतीजे की शादी के निमंत्रण पत्र बांटकर घर लौट रहे थे। उनके साथ बाइक पर छोटे भाई रमेश (50) और बहू गोमती (48) भी सवार थीं। दूसरी बाइक पर ग्राम महर्रा निवासी अभिराज सहरिया (23) और उनके छोटे भाई पुष्पेंद्र (18) सवार थे। दोनों भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। चौरसिल गांव के पास हुआ हादसा यह दुर्घटना कोतवाली सदर क्षेत्र के राजघाट-ललितपुर मार्ग पर ग्राम चौरसिल के पास मंगलवार रात करीब आठ बजे हुई। बताया गया कि रामदास अपने परिवार के साथ राजघाट से शादी के कार्ड बांटकर नैगांव लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार सभी पांच लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में किसान को मृत घोषित किया गया चिकित्सकों ने जांच के बाद रामदास को मृत घोषित कर दिया। वहीं रमेश, गोमती, अभिराज और पुष्पेंद्र का प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मृतक के भतीजे ने बताया कि उसकी शादी 18 जून को प्रस्तावित है और चाचा रामदास उसी के विवाह के निमंत्रण पत्र बांटने गए थे। हादसे के बाद परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस जांच में जुटी घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *