Twisha Sharma Bhopal case update: भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में मॉडल और साउथ इंडियन एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला सुलझने के बजाय लगातार उलझता जा रहा है। घटना के छह दिन बीत जाने के बाद भी ट्विशा के परिवार ने मोर्चरी यानी शवगृह से उनका शव लेने से साफ इनकार कर दिया है। परिजनों का साफ कहना है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में मृतका के परिजन उनके पति समर्थ सिंह जो पेशे से वकील हैं और सास गिरीबाला सिंह जो रिटायर्ड जज हैं, उन पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगा रहे हैं। ऐसे में इंडस्ट्री के स्टार्स भी ट्विशा की मौत पर लगातार बयान दे रहे हैं।
ट्विशा शर्मा की मौत पर इंडस्ट्री में मातम (Abhilash Reddy On Actress Twisha Sharma Death)
ट्विशा की मौत की खबर से साउथ फिल्म इंडस्ट्री सदमे में है। फिल्म ‘मुग्गुरु मोनागल्लू’ में उनके साथ काम कर चुके अभिनेता धीक्षित शेट्टी के बाद अब निर्देशक अभिलाष रेड्डी ने भी गहरा दुख जताया है। अभिलाष ने सेट पर ट्विशा के व्यवहार को लेकर कहा, “ट्विशा सेट पर बेहद सरल, हंसमुख और एक पेशेवर एक्ट्रेस की तरह रहती थी। फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान मैं उनके माता-पिता से मिला था, जो बहुत ही प्यारे लोग हैं। ट्विशा का इस तरह चले जाना बेहद दुखद और चौंकाने वाला है।” फिलहाल, बढ़ते दबाव के बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए एसआईटी (SIT) का गठन कर दिया है और मामले की गहराई से तफ्तीश की जा रही है।

पुलिस पर लगे लापरवाही के आरोप (Actress Twisha Sharma police negligence)
वहीं, अभी तक ट्विशा मामले की जांच कर रही भोपाल पुलिस की एक बेहद गंभीर लापरवाही भी सामने आई है। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने पोस्टमार्टम के समय वह नायलॉन बेल्ट एम्स अस्पताल नहीं भेजी, जिससे ट्विशा का फांसी लगाने का दावा किया जा रहा था। पोस्टमार्टम के समय बेल्ट मौजूद न होने के कारण डॉक्टर्स ट्विशा की गर्दन पर बने निशान यानी लिगेचर मार्क का वैज्ञानिक मिलान और उसका सटीक माप नहीं कर पाए। हालांकि, बाद में पुलिस द्वारा बेल्ट को जांच के लिए एम्स भेजा गया है, जिसकी फोरेंसिक रिपोर्ट का अब इंतजार किया जा रहा है।

सास ने ट्विशा को बताया ड्रग एडिक्ट (Twisha Sharma AIIMS postmortem report)
यह मामला उस समय और भी ज्यादा संवेदनशील हो गया जब आरोपी सास (रिटायर्ड जज) ने खुद को बचाने के लिए कोर्ट में ट्विशा को ‘ड्रग एडिक्ट’ बता दिया। इस बीच, आज भोपाल कोर्ट में मुख्य आरोपी और ट्विशा के पति समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई होनी है, जिस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। ट्विशा के भाई, जो भारतीय सेना में मेजर हैं, और उनके माता-पिता ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित परिवार की मांग है कि आरोपियों की जमानत रद्द की जाए, केस को उत्तर प्रदेश ट्रांसफर किया जाए और दिल्ली एम्स में ट्विशा का दोबारा पोस्टमार्टम कराया जाए।


