रीवा-गोविंदगढ़ मार्ग पर रविवार को तेज रफ्तार ट्रक और यात्री बस अनियंत्रित होकर एक निजी स्कूल की बाउंड्री तोड़ते हुए अंदर जा घुसे। हादसे में 11 केवी विद्युत लाइन का पोल भी टूट गया। राहत की बात रही कि कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, हालांकि बस में सवार कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। ट्रक चालक ने अचानक वाहन मोड़ा
मिली जानकारी के अनुसार राम रथ ट्रेवल्स की यात्री बस शहडोल से यात्रियों को लेकर रीवा की ओर आ रही थी। जैसे ही बस गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के गंगापुर के पास पहुंची, तभी बस के आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक वाहन मोड़ दिया। ट्रक की इस हरकत से बस चालक संतुलन खो बैठा और बस ट्रक समेत सड़क किनारे स्थित एक निजी स्कूल की बाउंड्री वॉल तोड़ते हुए जा टकराई। बिजली का पोल टूटा
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पास में लगा 11 केवी बिजली लाइन का पोल भी टूटकर गिर पड़ा। इससे कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि टूटे बिजली तारों में करंट नहीं उतरा, जिससे बस में सवार यात्रियों और आसपास मौजूद लोगों की जान बच गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। साथ ही ट्रक और बस को सड़क किनारे कर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह ट्रक चालक द्वारा अचानक वाहन मोड़ना बताया जा रहा है।


