जौनपुर शहर में 21 मई को उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित लेखपाल मुख्य परीक्षा के कारण यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। इस दिन सुबह 6 बजे से शाम 7 बजे तक शहर क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यह परीक्षा जनपद के 21 केंद्रों पर सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी। यातायात सुचारु रखने और परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए यह निर्णय लिया गया है।
यातायात प्रभारी मनोज पांडेय ने बताया कि प्रतिबंध के तहत, आवश्यक वस्तुओं जैसे गैस, डीजल, पेट्रोल और मेडिकल से संबंधित वाहनों को छोड़कर अन्य सभी भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। यह ‘नो एंट्री’ व्यवस्था पूरे शहर क्षेत्र में प्रभावी रहेगी। शहर क्षेत्र में सुगम यातायात संचालन सुनिश्चित करने के लिए कई प्रमुख स्थानों पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित किया गया है। इनमें पचहटिया तिराहा, प्रसाद तिराहा, पकड़ी हाइवे अंडर पास, अलीगंज हाइवे तिराहा, जगदीशपुर चौराहा, चाँदपुर हाइवे अंडर पास और कुत्तुपुर तिराहा शामिल हैं। इन सभी चिह्नित स्थानों पर 21 मई को सुबह 6 बजे से रात्रि 7 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा।


