33 की उम्र में लिया पहला IPL विकेट, फिर जेब से निकाली एक ऐसी चिट्ठी कि पूरा वानखेड़े हो गया इमोशनल

33 की उम्र में लिया पहला IPL विकेट, फिर जेब से निकाली एक ऐसी चिट्ठी कि पूरा वानखेड़े हो गया इमोशनल

Raghu Sharma note viral: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच के दौरान मुंबई इंडियंस के स्पिनर रघु शर्मा ने अपना पहला IPL विकेट लेकर इतिहास रच दिया। विकेट के बाद उन्होंने अपनी जेब से एक नोट निकाला जिसने उनके 15 साल के लंबे संघर्ष की कहानी बयां की। 

MI vs LSG, Raghu Sharma emotional celebration: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की चमक-धमक के बीच कभी-कभी ऐसी कहानियां निकलकर आती हैं जो दिल को छू लेती हैं। सोमवार, 4 मई को मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में कुछ ऐसा ही हुआ। मुंबई इंडियंस (MI) के 33 वर्षीय लेग स्पिनर रघु शर्मा ने जब अपना पहला IPL विकेट लिया, तो जश्न मनाने के बजाय उन्होंने अपनी जेब से एक कागज का टुकड़ा निकाला। उस एक पर्ची ने लाखों क्रिकेट प्रेमियों की आंखों में आंसू ला दिए।

उस नोट में लिखा था कि…

जैसे ही रघु शर्मा ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के डेब्यू कर रहे बल्लेबाज अक्षत रघुवंशी को अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया, उन्होंने जेब से नोट निकाला और कैमरे के सामने उसे गर्व से दिखाया। उस पर लिखा था, ’15 साल का बहुत दर्दनाक सफर। आज गुरुदेव की असीम कृपा से यह खत्म हुआ। मुझे यह मौका देने के लिए मुंबई इंडियंस (ब्लू और गोल्ड) का शुक्रिया। हमेशा आभारी रहूंगा।’
यह संदेश सिर्फ एक जश्न नहीं था, बल्कि डोमेस्टिक क्रिकेट की उन गुमनाम गलियों में बिताए सालों का हिसाब था, जहां रघु अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे।

मैच में रघु का शानदार प्रदर्शन

अपने करियर के दूसरे ही IPL मैच में रघु ने दिखा दिया कि अनुभव क्या होता है। उन्होंने लखनऊ के अक्षत रघुवंशी को एक चतुर फ्लाइटेड गेंद पर फंसाया, जो बल्ले और पैड से लगकर सीधे रघु के हाथों में चली गई। उन्होंने अपने 4 ओवर के कोटे में 36 रन देकर 1 विकेट लिया। रिषभ पंत और एडन मार्क्रम जैसे दिग्गज बल्लेबाजों के सामने भी उन्होंने अपना धैर्य नहीं खोया और अपनी सटीक लाइन-लेंथ से LSG के मिडिल ऑर्डर को बांधे रखा।

कौन हैं रघु शर्मा?

जालंधर में जन्मे 33 साल के रघु शर्मा का करियर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। 2017 में डेब्यू करने के बाद से उन्होंने फर्स्ट-क्लास, लिस्ट-ए और टी20 मिलाकर कुल 30 मैच ही खेले थे। उन्होंने पंजाब और पुडुचेरी का प्रतिनिधित्व किया। रेड-बॉल क्रिकेट में उनके नाम 12 मैचों में 57 विकेट हैं, जिसमें कई बार 5 और 10 विकेट लेने का कारनामा शामिल है। उनकी किस्मत तब बदली जब 2024-25 की विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने 8 मैचों में 14 विकेट झटके। पहले वह मुंबई इंडियंस के साथ बतौर नेट बॉलर जुड़े थे, लेकिन 2025 में उन्हें मिड-सीजन रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया गया।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *