प्लेऑफ में पहुंचने के लिए राजस्थान रॉयल्स को हर हाल में जीतने होंगे इतने मैच, जानें किससे कब-कब मुकाबला

प्लेऑफ में पहुंचने के लिए राजस्थान रॉयल्स को हर हाल में जीतने होंगे इतने मैच, जानें किससे कब-कब मुकाबला

RR Playoffs Qualification Chances in IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में 4 मई तक 46 मुकाबले खेले जा चुके हैं, लेकिन प्लेऑफ की रेस से अब तक न कोई टीम बाहर हुई है और न ही किसी को अंतिम 4 में जगह मिली है। प्वाइंट्स टेबल को देखें तो पंजाब किंग्स पिछले 2 मुकाबले हारने के बावजूद टॉप पर कायम है, तो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 9 में से 6 मैच जीतकर दूसरे और सनराइजर्स हैदराबाद 10 में से 6 मैच जीतकर तीसरे स्थान पर है। राजस्थान रॉयल्स ने इस सीजन का आगाज दमदार अंदाज में किया था और लगातार 4 मैच जीते। हालांकि पिछले 6 में से वो सिर्फ 2 ही मैच जीत पाई है, जिसके बाद उनके प्लेऑफ की जगह पर सवाल उठने लगे हैं।

हर हाल में जीतने होंगे 2 मैच

राजस्थान रॉयल्स की टीम 10 में से 6 मैच जीतकर अंक तालिका में चौथे स्थान पर है। उनके पास 12 पॉइंट्स हैं और रन रेट भी प्लस में है। आईपीएल 2026 में 8 जीत प्लेऑफ के लिए सुरक्षित माने जाते हैं, जबकि 18 अंक से टीम अंतिम 4 में क्वालीफाई कर लेगी। राजस्थान रॉयल्स 10 मैच खेलकर 12 अंक पर है, ऐसे में बचे हुए चार मुकाबलों में से उन्हें कम से कम 2 तो जीतने ही होंगे। हालांकि अगर राजस्थान रॉयल्स सिर्फ एक ही मैच जीत पाती है तो वो प्लेऑफ में नहीं पहुंच जाएगी।

सबसे बड़ी बात यह है कि आने वाले मुकाबले उनके लिए आसान नहीं होने वाले हैं। 9 मई को उनका मुकाबला गुजरात टाइटंस से होगा, जो खुद प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है। इसके अलावा राजस्थान को दिल्ली कैपिटल्स, लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस का भी सामना करना है। ये तीनों टीमें भले ही फिलहाल पीछे हों, लेकिन अपनी उम्मीदें जिंदा रखने के लिए पूरी ताकत झोंकेंगी और राजस्थान को हराकर उनके समीकरण बिगाड़ सकती हैं।

GT से हो सकता है वर्चुअल क्वार्टरफाइनल

9 मई के मुकाबले के बाद राजस्थान रॉयल्स को अगला मैच 17 मई को खेलना है और इसके लिए उनके पास लगभग 8 दिन का समय होगा। इसके बाद 19 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स और 24 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबला होगा। 9 मई को गुजरात टाइटंस के खिलाफ होने वाला मुकाबला एक तरह से ‘वर्चुअल क्वार्टर फाइनल’ साबित हो सकता है। अगर राजस्थान यह मैच जीतती है, तो वह 14 अंकों पर पहुंच जाएगी, जबकि गुजरात 11 मैचों के बाद 12 अंकों पर रह सकती है।

गुजरात टाइटंस के बाकी मुकाबले सनराइजर्स हैदराबाद, कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ हैं। ये सभी टीमें भी प्लेऑफ की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए संघर्ष कर रही हैं, इसलिए हर मैच बेहद अहम होने वाला है। ऐसे में आने वाले मुकाबले न सिर्फ राजस्थान रॉयल्स बल्कि बाकी टीमों के लिए भी ‘करो या मरो’ जैसे साबित हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *