RCB vs DC: दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ टिम डेविड ने 17 गेंदों में 26 रन की पारी खेली। इस दौरान वह आईपीएल सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए।
Tim David IPL Record: आईपीएल 2026 के 26वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (Royal Challengers Bengaluru) की भिड़ंत शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के साथ हो रही है। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में टिम डेविड (Tim David) ने 17 गेंदों में 26 रनों की पारी खेलने के साथ ही खास मुकाम हासिल कर लिया। उन्होंने आईपीएल में 1000 रन पूरे कर लिए हैं।
ऐसा करने वाले सिर्फ दूसरे बल्लेबाज
टिम डेविड इस लीग में गेंदों के लिहाज से सबसे तेज 1000 रन पूरे करने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि 560 गेंदों में हासिल की। वहीं, आईपीएल में सबसे कम गेंदों में 1000 रन बनाने का रिकॉर्ड आंद्रे रसेल के नाम है, जिन्होंने 545 गेंदों में यह मुकाम हासिल किया था। टिम डेविड ने इस मामले में ट्रेविस हेड, फिल साल्ट, हेनरिक क्लासेन और वीरेंद्र सहवाग को पीछे छोड़ दिया है। हेड और सॉल्ट ने 575-575 गेंदों में 1000 रन पूरे किए थे, जबकि सहवाग ने यह उपलब्धि 604 गेंदों में हासिल की थी।
नहीं खेल सके बड़ी पारी
हालांकि, इस मैच में टिम डेविड बल्ले से बड़ा योगदान नहीं दे सके और 17 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हो गए। अपनी इस पारी में उन्होंने 3 चौके और 1 छक्का लगाया। वह अक्षर पटेल के तीसरे ओवर की पहली गेंद पर लॉन्ग ऑफ के ऊपर से छक्का मारने की कोशिश में कैच आउट हो गए।
टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी की शुरुआत शानदार रही। विराट कोहली और फिल सॉल्ट की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 5.1 ओवर में 52 रन जोड़े। कोहली ने 13 गेंदों में 19 रन बनाए। वहीं, सॉल्ट ने 38 गेंदों में 63 रनों की दमदार पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। देवदत्त पडिक्कल ने 18 रन का योगदान दिया, जबकि कप्तान रजत पाटीदार 4 गेंदों में 8 रन बनाकर आउट हुए। दोनों टीमों ने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया।
अंक तालिका में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम 5 में से 4 मैच जीतकर दूसरे स्थान पर है तो दूसरी ओर दिल्ली कैपिटल्स ने 4 में से 2 ही मुकाबलों में जीत हासिल की है और अंक तालिका में छठे स्थान पर है।
Sports – Patrika | CMS




