Thyroid Medicine Rules: थायरॉयड की दवा खाने के बाद चाय या कॉफी पीते हैं? यह आदत दवा का असर 50% तक कर सकती है कम

Thyroid Medicine Rules: थायरॉयड की दवा खाने के बाद चाय या कॉफी पीते हैं? यह आदत दवा का असर 50% तक कर सकती है कम

Thyroid Medicine and Tea: भारत में थायरॉयड (Thyroid) की समस्या, खासकर हाइपोथायरायडिज्म (जब शरीर में थायरॉयड हार्मोन कम बनता है) तेजी से पैर पसार रही है। ऐसे मरीजों को डॉक्टर रोज सुबह सबसे पहले खाली पेट लेवोथायरोक्सिन (Levothyroxine) की गोली खाने की सलाह देते हैं। लेकिन बहुत से मरीजों की यह आम शिकायत होती है कि बरसों तक नियम से दवा खाने के बावजूद उनका थायरॉयड लेवल कंट्रोल में नहीं आता।

क्या कहती है मेडिकल रिसर्च?

नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन की क्लिनिकल स्टडीज में यह साबित हो चुका है कि सुबह की चाय या कॉफी थायरॉयड की दवा के असर को बहुत कम कर देती है।

दवा सोखने में रुकावट: थायरॉयड की गोली का पूरा फायदा शरीर को तब मिलता है जब हमारा पेट इसे पूरी तरह सोख (Absorb) ले। रिसर्च बताती है कि कॉफी में मौजूद ‘कैफीन’ और चाय में मिलने वाला ‘टैनिन’ पेट के अंदर दवा को घुलने ही नहीं देते और सोखने की प्रक्रिया को बाधित करते हैं।

50% तक कम होता है असर: क्लिनिकल ट्रायल्स के अनुसार, जो लोग थायरॉयड की गोली के तुरंत बाद या 15 मिनट के भीतर चाय-कॉफी पी लेते हैं, उनके शरीर में दवा का एब्जॉर्प्शन लगभग 30% से 50% तक गिर जाता है। यानी 100mcg की गोली खाने के बाद भी शरीर को सिर्फ 50mcg का ही फायदा मिल पाता है।

एंडोक्रिनोलॉजी विशेषज्ञ की राय

इस विषय पर वरिष्ठ एंडोक्रिनोलॉजी डॉ. जे. बी. गुप्ता बताते हैं, “ओपीडी में हमारे पास ऐसे कई मरीज आते हैं जो कहते हैं कि सर हम रोज सुबह बिना चूके दवा खाते हैं, फिर भी हमारा वजन बढ़ रहा है, थकान रहती है और बाल झड़ रहे हैं। जब हम उनकी दिनचर्या पूछते हैं, तो पता चलता है कि वे गोली निगलने के ठीक 5 या 10 मिनट बाद ही चाय की चुस्की लेने लगते हैं। यह आदत दवा के असर को बिल्कुल खत्म कर देती है।” डॉ. जे. बी. गुप्ता के अनुसार, थायरॉयड की दवा खाते समय इन 3 बड़े नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है:

कम से कम 45 मिनट का गैप रखें

डॉ. गुप्ता सलाह देते हैं कि सुबह खाली पेट दवा सिर्फ सादे पानी के साथ लें। दवा खाने के बाद कम से कम 30 से 45 मिनट तक चाय, कॉफी, दूध, जूस या नाश्ता बिल्कुल न लें। अगर आप स्ट्रॉन्ग कॉफी या ब्लैक टी पीते हैं, तो यह अंतर पूरा 1 घंटे का होना चाहिए।

एक पूरा ग्लास पानी पिएं

गोली को सिर्फ एक घूंट पानी से गले के नीचे न उतारें। दवा को पेट तक आसानी से पहुंचाने और अच्छी तरह घोलने के लिए कम से कम एक पूरा ग्लास सादा पानी जरूर पिएं।

अन्य दवाइयों के साथ न मिलाएं

अगर आप थायरॉयड के साथ-साथ कैल्शियम, आयरन या गैस की गोली भी खाते हैं, तो उन्हें सुबह की थायरॉयड गोली के साथ बिल्कुल न लें। इन दवाइयों और थायरॉयड की गोली के बीच कम से कम 4 घंटे का अंतर होना चाहिए।

डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *