बिहार के 38 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 60 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; जानें कब से लौटेगी भीषण गर्मी

बिहार के 38 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 60 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; जानें कब से लौटेगी भीषण गर्मी

Bihar Weather: बिहार में पड़ रही भीषण गर्मी और उमस के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। प्री-मॉनसून गतिविधियों के सक्रिय होने के कारण राज्य के सभी 38 जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में आज 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी है।

19 जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी

मौसम विभाग ने बिहार के 19 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और शेष 19 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभऔर बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी से भरी हवाओं के मिलन के कारण राज्य में मौसम अस्थिर बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में मोतिहारी, बेतिया और बेगूसराय जैसे जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई है, जबकि पटना और बक्सर सहित कई इलाकों में बादल छाए हुए हैं।

ऑरेंज अलर्ट वाले जिले : पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, गोपालगंज, सिवान, मुजफ्फरपुर, मधुबनी,
दरभंगा, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार।

येलो अलर्ट वाले जिले : बक्सर, भोजपुर, पटना, बेगूसराय, खगरिया, अरवल, जहानाबाद, नालन्दा, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, भागलपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई, बांका।

bihar weather

ओला गिरने और वज्रपात की चेतावनी

मौसम विभाग ने 4 मई को बिहार के कुछ हिस्सों और पड़ोसी राज्य झारखंड में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई है। इसके अतिरिक्त लोगों को आंधी-तूफान और बिजली गिरने को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने निर्देश जारी कर लोगों से अपील की है कि वे तेज आंधी और भारी बारिश के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें।

तापमान में गिरावट से सुहाना हुआ मौसम

मौसम के बदलते मिजाज के कारण बिहार के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान में गिरावट देखी जा रही है। वर्तमान में राज्य में पारा 34 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जिससे आम जनता को लू और भीषण गर्मी से काफी राहत मिली है। पटना में भी आज दिन भर आसमान में बादल छाए रहने की उम्मीद है और शाम तक गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।

कब लौटेगी गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार बारिश और आंधी-तूफान का दौर 6 मई तक जारी रहने की उम्मीद है। 7 मई से मौसम धीरे-धीरे साफ होना शुरू हो जाएगा और आसमान से बादल छंटने लगेंगे। इसके बाद, राज्य का तापमान एक बार फिर 2 से 4 डिग्री बढ़ने की उम्मीद है, जिससे झुलसा देने वाली गर्मी और लू की स्थिति लौटने की संभावना बढ़ जाएगी। हालांकि, फिलहाल बिहार के लोग अगले दो से तीन दिनों तक इस सुहाने मौसम का आनंद लेते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *