यमुना में नहाते समय तीन युवक डूबे, एक शव मिला:मथुरा में दो अन्य की तलाश जारी

यमुना में नहाते समय तीन युवक डूबे, एक शव मिला:मथुरा में दो अन्य की तलाश जारी

मथुरा के थाना बलदेव क्षेत्र स्थित ग्राम सेहत के पास यमुना पुल के नीचे सोमवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। यहां स्नान करने गए तीन युवक गहरे पानी में डूब गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और यमुना घाट पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस, डायल-112, स्थानीय गोताखोर, स्टीमर टीम और एसडीआरएफ मौके पर पहुंच गई तथा युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब तीन बजे तीन युवक यमुना पुल के नीचे स्नान करने पहुंचे थे। नहाते समय अचानक वे गहरे पानी की चपेट में आ गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोग जब तक उन्हें बचाने का प्रयास करते, तब तक तीनों युवक पानी में लापता हो चुके थे। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। डूबने वाले युवकों की पहचान आंसू पुत्र चौआ (22 वर्ष) निवासी माहौल नगर, गली नंबर-4 बोदला, आगरा, डेविड पुत्र घनश्याम (22 वर्ष) निवासी बोदला, आगरा तथा अहले हसन पुत्र चवुआ निवासी राया के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद परिवारों में कोहराम मच गया और घाट पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम ने काफी मशक्कत के बाद अहले हसन का शव बरामद कर लिया। वहीं आंसू और डेविड की तलाश देर शाम तक जारी रही। स्टीमर और गोताखोरों की मदद से यमुना में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। थानाध्यक्ष पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से बचाव कार्य लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि शेष दोनों युवकों की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *