मुजफ्फरनगर में शनिवार रात नई मंडी क्षेत्र में पैदल मार्च के दौरान CO नई मंडी राजू कुमार साव ने सड़क किनारे खड़ी एक कार में शराब पीते तीन युवकों को रंगे हाथ पकड़ा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, CO राजू कुमार साव पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र में कानून व्यवस्था का जायजा ले रहे थे। भोपा रोड स्थित श्रीराम समोसे वाले के सामने कैनरा बैंक के पास उनकी नजर एक संदिग्ध रूप से खड़ी स्विफ्ट डिज़ायर कार पर पड़ी। शक होने पर CO साव कार के पास पहुंचे और अंदर देखा। कार में तीन युवक शराब का सेवन करते पाए गए। बताया गया कि ये तीनों आपस में दोस्त थे और कार के भीतर ही शराब पी रहे थे। CO ने तुरंत तीनों युवकों को फटकार लगाई और मौके पर मौजूद नई मंडी पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने CO के निर्देश पर कार सवार युवकों का चालान काटा। वायरल वीडियो में CO नई मंडी युवकों को फटकार लगाते हुए दिख रहे हैं। CO राजू कुमार साव ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


