लुधियाना के जमालपुर इलाके में एक ही परिवार की तीन नाबालिग बेटियों के अचानक गायब होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घर की तीन बच्चियों के एक साथ लापता होने के इस संवेदनशील मामले ने पुलिस प्रशासन के भी होश उड़ा दिए हैं। पीड़ित मां की शिकायत पर जमालपुर थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश के एक युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत अपहरण और बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। घर से एक साथ निकलीं तीन मासूम जमालपुर के कुलीएवाल स्थित भजन सिंह का वेहड़ा में रहने वाले एक परिवार के साथ घटा। शिकायतकर्ता महिला राजेश्वरी ने पुलिस को बताया कि उनके घर की तीन बेटियां उनकी अपनी बड़ी बेटी मानसी (उम्र करीब 16 वर्ष), उनकी जेठानी चंद्रावती की बेटी दीपिका (उम्र करीब 14 वर्ष) और तीसरी लड़की शालिनी (उम्र करीब 15 वर्ष) बिना किसी को कुछ बताए अचानक घर से लापता हो गईं। एक ही आंगन से तीन नाबालिग बच्चियों के इस तरह गायब होने से परिवार पूरी तरह टूट गया और बदहवास होकर उनकी तलाश में जुट गया। अंबाला से आया फोन मामले में चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब 28 मई को लापता बेटी मानसी का अचानक अपनी मां के पास फोन आया। मानसी ने बताया कि वह इस समय पंजाब से दूर अंबाला (हरियाणा) में है। उसने फोन पर खुलासा किया कि उत्तर प्रदेश के जिला सीतापुर का रहने वाला करन उसे अपने साथ बहला-फुसलाकर ले आया है। वहीं घर की बाकी दो अन्य बेटियां (दीपिका और शालिनी) ट्रेन के जरिए अपने पैतृक गांव की तरफ जा रही हैं। शादी की नीयत से बरगलाने का आरोप पीड़ित मां ने पुलिस के समक्ष रोते हुए बयान दर्ज कराए कि उन्हें पूरा यकीन है कि आरोपी करन ही उनकी बेटी मानसी को शादी का झांसा देकर और बुरी नीयत से बरगलाकर अपने साथ भगा ले गया है। एक ही घर की तीन बेटियों को इस तरह जाल में फंसाए जाने के पीछे किसी बड़े गिरोह या साजिश की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस ने दर्ज किया केस, तलाश तेज मामले की संवेदनशीलता और बच्चियों की उम्र को देखते हुए जमालपुर पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया है। 29 मई को पुलिस ने आरोपी करन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) और 96 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस पूरे मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर (S.I.) गुरमीत सिंह कर रहे है । पुलिस की अलग-अलग टीमें बच्चियों को सकुशल बरामद करने और आरोपी युवक को दबोचने के लिए अंबाला और उत्तर प्रदेश के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।


