देवास के नई आबादी क्षेत्र में घर के बाहर खड़ी बाइक में आग लगाने के मामले में पुलिस को सफलता मिली है। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को सीहोर से गिरफ्तार किया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की थी। तीनों आरोपी वारदात के बाद देवास से फरार होकर सीहोर चले गए थे, जहां से पुलिस ने उन्हें पकड़ा। मंगलवार को पुलिस आरोपियों को घटना स्थल पर भी लेकर पहुंची थी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में शुभम उर्फ गोलू, लक्की वेद और सुमित गुर्जर शामिल हैं। शुभम और लक्की आपस में भाई हैं, जबकि सुमित गुर्जर उज्जैन का निवासी है। देर रात वारदात की थी
तीनों ने मिलकर विगत दिवस देर रात नई आबादी क्षेत्र में यह वारदात की थी। आरोपियों का रवि सेनिया से कचरा गाड़ी की ऊंचाई और कचरा डालने की बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद आरोपियों ने रात में रवि के घर के सामने खड़ी बाइक में आग लगा दी। बाइक में लगी आग इतनी भीषण थी कि पास में रखा ठेला भी उसकी चपेट में आ गया। यह पूरी घटना घर के सामने लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। मामले में कोतवाली पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी। सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया और एक विशेष टीम गठित की गई। कोतवाली थाना प्रभारी श्याम चंद्र शर्मा ने बताया कि तीनों आरोपियों को सीहोर से गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।


