गुरुग्राम जिले में फर्रुखनगर के राजकीय प्राथमिक पाठशाला का कायाकल्प होगा। शिक्षा विभाग ने इसके लिए लगभग 1.05 करोड़ रुपए का बजट मंजूर किया है। निर्माण कार्य अगले 10 दिनों के भीतर शुरू होने की उम्मीद है, जिससे लंबे समय से जर्जर भवन और सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे 126 विद्यार्थियों को राहत मिलेगी। स्कूल इंचार्ज रूबी और अध्यापिका अंजू ने बताया कि वर्तमान में विद्यालय की स्थिति काफी दयनीय है। 126 छात्र-छात्राएं केवल दो कमरों और एक बरामदे में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। स्कूल में चार जेबीटी अध्यापक कार्यरत हैं, जिनमें से दो अध्यापिकाएं विभागीय कार्रवाई के कारण अवकाश पर हैं। अध्यापिकाओं के अनुसार, सुचारू पढ़ाई के लिए कम से कम पांच अध्यापकों का होना अनिवार्य है। स्कूल परिसर में दो आशा वर्कर भी रह रही हैं, जिससे जगह की कमी और बढ़ गई है। छह नए कमरों का होगा निर्माण : अशोक कुमार खंड शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार ने पुष्टि की कि राजकीय प्राथमिक विद्यालय के भवन का नवनिर्माण जल्द किया जाएगा। विभाग के जेई सुफियार खान ने मौके का निरीक्षण कर लिया है। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी डीसीडी इंजीनियरिंग सॉल्यूशन कंपनी को सौंपी गई है। जेई सुफियार खान ने बताया कि स्कूल में छह नए आधुनिक कमरों का निर्माण होगा। इनमें लड़के और लड़कियों के लिए अलग-अलग शौचालय और शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था की जाएगी। पार्षद विनय कुमार ने बताया कि विभाग द्वारा डीसीडी इंजीनियरिंग सॉल्यूशन कंपनी को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। निर्माण कार्य अगले 10 दिनों में शुरू हो जाएगा।


