उदयपुर के जिला एवं सत्र न्यायालय में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां बम होने की खबर मिली। कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं और आनन-फानन में पूरे कोर्ट परिसर को खाली करवाया गया।
पुलिस और प्रशासन की टीमें अब चप्पे-चप्पे की बारीकी से तलाशी ले रही हैं। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 8:30 बजे जैसे ही इस धमकी की सूचना मिली, प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। सोमवार को सुबह की कोर्ट होने की वजह से वकील और पक्षकार करीब 8 बजे तक कोर्ट पहुंचना शुरू हो गए थे। वकीलों के काम शुरू करने से पहले ही अचानक सबको बाहर निकलने के निर्देश दे दिए गए। देखते ही देखते कोर्ट के सभी गेट बंद कर दिए गए और सुरक्षा का कड़ा घेरा बना दिया गया। मौके पर जिला पुलिस के साथ-साथ डॉग स्क्वॉड और एटीएस की टीमें तैनात हैं। टीम का हर सदस्य कोर्ट के हर कमरे और कोने को खंगाल रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, बम से उड़ाने की यह धमकी एक ईमेल के जरिए भेजी गई थी। मेल मिलने के बाद से ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और इस बात की तकनीकी जांच की जा रही है कि यह ईमेल कहां से आया और इसे भेजने वाला कौन है। कोर्ट परिसर अचानक खाली होने के बाद बाहर भारी भीड़ जमा हो गई। कोर्ट चौराहे पर वकीलों और आम लोगों का बड़ा जमावड़ा लग गया है, जिससे वहां के यातायात पर भी असर पड़ा है। अचानक हुई इस कार्रवाई से लोग डर गए, वहीं पुलिस के अधिकारी सभी से शांति बनाए रखने और संयम बरतने की अपील कर रहे हैं। फिलहाल सर्च ऑपरेशन काफी तेजी से चल रहा है और अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


