चोरों ने दी पुलिस की कॉम्बिंग गश्त को चुनौती:कटनी में 12 नकाबपोशों ने घरों में की सेंधमारी, CCTV फुटेज में दिखे

चोरों ने दी पुलिस की कॉम्बिंग गश्त को चुनौती:कटनी में 12 नकाबपोशों ने घरों में की सेंधमारी, CCTV फुटेज में दिखे

कटनी में पुलिस की ‘कॉम्बिंग गश्त’ के दावों के बावजूद चोरों ने वारदात को अंजाम दिया है। शहर के बस स्टैंड चौकी क्षेत्र स्थित शिवाजी नगर में शनिवार और रविवार की रात 10 से 12 नकाबपोश बदमाशों ने कई घरों और दुकानों में सेंधमारी की। यह घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई है, जिससे पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। यह वारदात उसी रात हुई जब पुलिस की टीमें जिले भर में ‘कॉम्बिंग गश्त’ कर अपराधियों को पकड़ने का दावा कर रही थीं। सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट दिख रहा है कि शिवाजी नगर की गली नंबर 15 में 10 से 12 नकाबपोश बदमाश बेखौफ होकर घूम रहे थे और घरों की रेकी कर रहे थे। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, इस गिरोह ने मोहल्ले में आधा दर्जन से अधिक घरों और दुकानों के ताले तोड़े। हालांकि, किसी बड़ी चोरी को अंजाम देने में वे सफल नहीं हो सके, संभवतः आहट या किसी अन्य कारण से उन्हें भागना पड़ा। इस घटना से पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। बस स्टैंड चौकी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। बीते महीने भी चंडिका नगर में इसी तरह की चोरी की वारदात सामने आई थी, जिसमें नकाबपोश बदमाशों ने सेंधमारी की थी। पुलिस उस मामले का भी अब तक खुलासा नहीं कर पाई है। पुरानी घटनाओं से सबक न लेने का नतीजा है कि अब चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे गिरोह बनाकर वारदातों को अंजाम देने निकल रहे हैं। ​वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष है। नागरिकों का कहना है कि जब पूरी रात पुलिस फोर्स शहर में तैनात थी, तो 12 नकाबपोश बदमाश इतनी आसानी से गलियों में कैसे घूमते रहे क्या पुलिस की गस्त महज कागजी खानापूर्ति है। वीडियो की जांच कर रहे इस संबंध में नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया ने बताया की पुलिस मुस्तादी से क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए हैं। कांबिंग गस्त निरंतर की जा रही है। जो वीडियो सामने आया जिसकी हम जांच कर रहे हैं, चिन्हित होने पर निश्चित तौर पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *