गुना की नानाखेड़ी मंडी के गेट पर सोमवार (6 अप्रैल) को उपज के कम दाम मिलने के विरोध में चक्काजाम कर रहे किसानों के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा की गई धक्का-मुक्की और मारपीट के मामले की जांच की जाएगी। गुना विधायक पन्नालाल शाक्य के पत्र और मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने जांच के आदेश जारी किए हैं। वर्तमान में अपर कलेक्टर (ADM) अखिलेश जैन को इस मामले की विस्तृत जांच कर 7 दिन के भीतर तथ्यात्मक प्रतिवेदन (रिपोर्ट) प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। ADM करेंगे प्रदर्शन और व्यवस्थाओं की जांच कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अपर कलेक्टर अखिलेश जैन को निर्देशित किया गया है कि प्रकरण में उल्लेखित सभी बिंदुओं की विस्तृत एवं निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करें। जांच के दौरान प्रदर्शन के समय की परिस्थितियां, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की उपलब्धता जैसे पहलुओं का विशेष रूप से परीक्षण किया जाएगा। कलेक्टर ने 7 दिन के भीतर जांच रिपोर्ट मांगी है, ताकि प्राप्त निष्कर्षों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। विधायक ने पत्र लिखकर की थी कार्रवाई की मांग सोमवार को हुई इस घटना को लेकर गुना विधायक पन्नालाल शाक्य ने कार्रवाई की मांग करते हुए कलेक्टर को पत्र लिखा था। विधायक ने अपने पत्र में कहा था कि, “गुना मण्डी मे अपनी फसल बेचने आये किसान अन्नदाता भाईयो को अपनी फसल के उचित दाम न मिलने के कारण उनके द्वारा किये जा रहे शांतिपूर्ण प्रदर्शन में उनके साथ मारपीट की गयी जो कि बेहद ही दुखद और शर्मनाक है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री निरंतर अन्नदाताओं के हित में निर्णय लेने में लगे हैं। ऐसी स्थिति में किसान भाईयो के साथ प्रशासन का इस प्रकार रवैया चिंता का विषय है। फसल बेचने आये किसान भाईयो के लिये उचित मूल्य और गर्मी को देखते हुए पानी, ठहरने के उचित इंतजाम किये हैं। किसान भाईयो के साथ मारपीट करने वाले कर्मचारियों को भी दंडित किया जाए।” उपज का सही भाव न मिलने पर किया था चक्काजाम लगातार तीन दिन मंडी बंद रहने के बाद सोमवार को हजारों की संख्या में किसान अपनी उपज बेचने नानाखेड़ी मंडी पहुंचे थे। भीड़ इतनी अधिक थी कि गेहूं की ट्रॉलियों को दशहरा मैदान और बीज निगम में खड़ा कराना पड़ा था। सोमवार सुबह जब व्यापारियों ने गेहूं की बोली लगाना शुरू की, तो किसानों को लगा कि उपज कम दाम में खरीदी जा रही है। इसी से नाराज होकर किसानों ने नानाखेड़ी मंडी गेट पर चक्काजाम कर दिया। बल प्रयोग कर पुलिस ने मारे थे थप्पड़ चक्काजाम की सूचना मिलने पर एसडीएम, तहसीलदार सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और किसानों को समझाइश दी। इसके बाद सड़क से किसानों को हटाने के लिए पुलिसकर्मियों को बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिसकर्मियों ने किसानों को हटाने के लिए धक्के दिए और उनकी पीठ पर थप्पड़ भी मारे। इस दौरान दो किसानों को पकड़कर थाने भी भेज दिया गया था।


