तीसरे दिन आंधी, तार गिरने से बिजली घंटों रही गुल, परेशानी

तीसरे दिन आंधी, तार गिरने से बिजली घंटों रही गुल, परेशानी

भास्कर न्यूज|लोहरदगा जिलेभर में बीते कई दिनों से उमस भारी पड़ रही गर्मी से लोगों को तेज बारिश के बाद राहत मिल गई है। परंतु यह सिलसिला रविवार को तीसरे दिन भी जारी रही। जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत मिली वहीं तेज हवा और आंधी से परेशानियां भी कई जगहों पर बढ़ गई है। रविवार को भी दोपहर में अलग-अलग क्षेत्र में तेज आंधी, हवाओं और बारिश का साया बना रहा। शाम लगभग 4 के बाद एक बार फिर मौसम साफ देखने को मिला। आंधी बारिश से पूर्व दोपहर लगभग 1: 30 बजे आसमान में घनघोर काले बादल छा गए थे। तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। हालांकि दो दिन पूर्व हुई मूसलाधार बारिश की तुलना में रविवार को बारिश कम रही। तेज आंधी और हवा से जिले के अलग-अलग क्षेत्र में बिजली के तार और पेड़ गिरने की सूचना रही। जिससे कई प्रखंडों में घंटों बिजली गुल होने से लोगों की परेशानियां बढ़ गई है। रविवार को लगातार तीसरे दिन तेज आंधी और हवाओं के कारण आम और लीची के फसल को नुकसान पहुंचाने की बात विभाग द्वारा बताई गई है। हालांकि खबर भेजे जाने तक किसी को जान माल के नुकसान की सूचना नहीं रही। बीते कुछ दिनों से आसमान में बादल छाने के बाद बारिश नहीं होने से उमस बढ़ गई थी। जो लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश के कारण मौसम पूरी तरह से नमी हो गई है। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान 30 डिग्री तक हो गया है। वहीं विभिन्न सब्जियों के लगे खेत में पानी पड़ने से किसानों को लाभ तो हुआ पर तेज हवा से नुकसान भी सहना पड़ा। देर शाम तक आसमान में बादल छाया रहा। विभाग ने बताया कि आगे 14 मई तक जिले में बारिश के आसार बने रहेंगे। इधर कई जगहों पर लोग पेड़ गिरने से बाल बाल बच भी गए। इस दिशा में कृषि वैज्ञानिक डॉक्टर शंकर कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी हवा तेज होने और बंगाल की खाड़ी में दबाव कम बनने के कारण यह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि आगे भी बारिश का असर बने रहेंगे, ऐसे में यदि तेज आंधी चलती है तो 20 से 25% तक आम और लीची के फसल को नुकसान पहुंच सकता है। वहीं उन्होंने अभी किसानों को अदरक और ओल की फसल लगाने की सलाह दी है। इसके अलावा मोटे अनाज पर भी ध्यान देने की बात कही है। जिससे नुकसान से बचा जा सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *