ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेटर ट्रैविस हेड की पत्नी जेसिका ने आरोप लगाया है कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच के दौरान उनके पति की भारतीय सुपरस्टार विराट कोहली के साथ मैदान पर हुई कहासुनी के बाद उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर अपमानजनक टिप्पणियों की बाढ़ आ गई है।
पिछले शुक्रवार को हैदराबाद में खेले गए मैच में हेड और कोहली के बीच कहासुनी हो गई थी। कोहली ने मैच समाप्त होने के बाद ऑस्ट्रेलिया के इस खिलाड़ी से हाथ नहीं मिलाया था।
सनराइजर्स हैदराबाद ने इस मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 55 रन से हराया था।
जेसिका ने कहा कि तब से उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर अपमानजनक टिप्पणियों की बाढ़ आ गई है।
जेसिका ने ‘द एडिलेड एडवर्टाइजर’ से कहा, ‘‘ऐसा लगता है कि जिस तरह से विश्व कप के बाद दुर्व्यवहार किया गया था, वह फिर से दोहराया जा रहा है।’’
यह बात उन्होंने 2023 में खेले गए वनडे विश्व कप के फाइनल के संदर्भ में कही जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराया था और हेड ने 137 रन की शानदार पारी खेली थी। इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला था।
जेसिका ने कहा, ‘‘मैं सुबह उठी तो मैंने देखा कि मेरे सोशल मीडिया अकाउंट्स पर लगातार संदेश आ रहे हैं। वे मेरे दोस्तों और परिवार के खिलाफ भी अपमानजनक टिप्पणियां कर रहे हैं।’’
इस बीच भारत के पूर्व खिलाड़ी वसीम जाफर ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि कोहली को हेड से हाथ मिलाना चाहिए था।
उन्होंने कहा, ‘‘उस बात को वहीं पर खत्म कर देना चाहिए था। उन्हें हाथ मिलाकर उसे भूल जाना चाहिए था। कोहली इस खेल के दूत हैं और यह (हाथ नहीं मिलाना) सही नहीं था। वह इतने बड़े खिलाड़ी हैं कि उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए था।


