कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में एक युवती ने होटल मैनेजर सहित चार लोगों पर सामूहिक दुष्कर्म और अभद्रता के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि उसे पहले जबरन शराब पिलाई गई और उसके बाद आरोपितों ने उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। मामले की सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि प्रारंभिक जांच और होटल के सीसीटीवी फुटेज में अब तक इन आरोपों की पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं अभी तक जांच जारी।
होटल में बुलाने और घटना का आरोप
जानकारी के अनुसार गोविंद नगर निवासी युवती किसी निजी कार्य से कल्याणपुर स्थित एक होटल पहुंची थी। आरोप है कि इसी दौरान होटल मैनेजर ने उसे जबरन शराब पिलाई और बाद में अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर उसके साथ गलत हरकत की। विरोध करने पर उसे पकड़कर गिराने और कपड़े फाड़ने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं।घटना के बाद पीड़िता ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी,जिसके बाद पीआरवी और कल्याणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए होटल मैनेजर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही होटल परिसर के सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। हालांकि, वही सीसीटीवी फुटेज और प्रारंभिक जांच में लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। इसके बावजूद पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
DCP पश्चिम का बयान
पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। महिला की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मौके से सीसीटीवी फुटेज एकत्र कर उनका विश्लेषण किया गया है। प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि नहीं हो रही है, लेकिन चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


