कांगो से आए युवक में इबोला की आशंका, अहमदाबाद सिविल अस्पताल में भर्ती

कांगो से आए युवक में इबोला की आशंका, अहमदाबाद सिविल अस्पताल में भर्ती

Ebola: गुजरात में इबोला वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। अफ्रीकी देश कांगो से आए 37 वर्षीय युवक में इबोला जैसे लक्षण मिलने के बाद उसे अहमदाबाद सिविल अस्पताल में विशेष निगरानी में भर्ती कराया गया है। मरीज को पहले वडोदरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां से बाद में बेहतर उपचार और निगरानी के लिए अहमदाबाद शिफ्ट किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने संपर्क ट्रेसिंग शुरू कर दी है। उधर मरीज की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। मरीज के संपर्क में आए कुछ लोगों में बुखार की जानकारी मिली है।

स्वास्थ्य राज्यमंत्री प्रफुल पानशेरिया ने बताया कि 37 वर्षीय मरीज करीब 10 दिन पहले कांगो से मुंबई पहुंचा था। वह मुंबई में पांच दिन रुकने के बाद सिलवासा-दमण क्षेत्र गया और 22 मई को वडोदरा पहुंचा। 26 मई को तबीयत बिगड़ने पर उसे वडोदरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच के दौरान छह दिन से बुखार और वायरल हेमरेजिक फीवर जैसे लक्षण सामने आने पर डॉक्टरों ने उसे संदिग्ध इबोला मरीज मानते हुए ऑब्जर्वेशन में रखा।

रिपोर्ट शंकास्पद होने पर हरकत में स्वास्थ्य विभाग

लैब रिपोर्ट में एसजीपीटी, एसजीओटी, जीटीटी जैसे लिवर एंजाइम्स में वृद्धि पाई गई है। सीआरएफ का स्तर भी बढ़ा हुआ था । प्लेटलेट्स 1.20 लाख तक दर्ज किए गए हैं। रिपोर्ट आने पर स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है।

संपर्क में आए लोगों की निगरानी

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जो लोग संपर्क में आए हैं उनकी भी निगरानी रखी जा रही है। उनके अनुसार अभी तक जो लोग संपर्क में आए हैं उनमें एक चिकित्सक 25 मई को एक होटल में मरीज के संपर्क में आए थे। इसके अलावा दो विदेशी नागरिक भी भी संपर्क में आए थे। संपर्क ट्रेसिंग की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। वडोदरा महानगरपालिका (वीएमसी) स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय कर रहा है।

राज्य सरकार पूरी तरह से सतर्क

गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क है। मरीज को अहमदाबाद सिविल अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है ताकि बेहतर उपचार और निगरानी हो सके। अंतरराष्ट्रीय यात्रा और लक्षणों को देखते हुए इसे संक्रामक रोग का केस माना जा रहा है। अंतिम रिपोर्ट आने तक मरीज को विशेष निगरानी में रखा जाएगा।

तीन अफ्रीकी देशों से लौटने वाले हरेक की स्क्रीनिंग

गौरतलब है कि तीन अफ्रीकी देशों कांगो, युगांडा व दक्षिण सूडान में इबोला के प्रकोप को ध्यान में रखते हुए इन देशों से आने वाले लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है। अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विशेष स्क्रीनिंग की व्यवस्था की गई है। विशेष स्क्रीनिंग के बाद शंकास्पद लोगों को भर्ती किया जाएगा।

3 शंकास्पदों मरीजों को एसवीपी अस्पताल लाए जाने की सूचना!

अहमदाबाद महानगरपालिका संचालित शहर के एसवीपी अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय त्रिपाठी ने बताया कि इबोला वायरस को लेकर अस्पताल में विशेष वार्ड तैयार किया गया है। उनका कहना है कि बुधवार को तीन शंकास्पद मरीजों को अस्पताल में लाए जाने की सूचना मिली थी। हालांकि शाम छह बजे तक उन्हें नहीं लाया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *