अलवर के राजगढ़ क्षेत्र में आयोजित दो दिवसीय 16वें मीन महोत्सव के समापन कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने क्षेत्र के विकास को लेकर कई बड़ी घोषणाएं कीं। दुब्बी भजेड़ा स्थित मीन भगवान मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राजगढ़ में अभी केंद्रीय विद्यालय आया है और आगे जरूरत पड़ी तो विश्वविद्यालय भी लाया जाएगा। साथ ही क्षेत्र में खेल अकादमी बनाने और राजगढ़ अस्पताल का क्रमोन्नयन कराने का भी भरोसा दिलाया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भूगोर वाले चौराहे का नाम कैप्टन छुट्टन लाल के नाम पर रखने के लिए पीडब्ल्यूडी से बात की जाएगी। वहीं कोठीनारायणपुर से दुब्बी भजेड़ा तक सड़क के पेंचवर्क का कार्य भी जल्द पूरा कराने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान जिला प्रमुख बलवीर छिल्लर ने कहा कि “हमारा नेता झूठ नहीं बोलता, जो कहता है वही करता है।” इधर वन राज्य मंत्री संजय शर्मा ने भी वंदे जल संरक्षण जन अभियान के तहत टहला क्षेत्र में मंगलासर बांध का पूजन किया। इस दौरान स्वायत्त शासन विभाग के प्रभारी प्रमुख शासन सचिव रवि जैन और जिला कलेक्टर आर्तिका शुक्ला भी मौजूद रहीं। मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि पुराने बांध, जोहड़ और बावड़ियों के संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही जल संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त जन अभियान को भी आगे बढ़ाया जाएगा।


