How To Remove Sun Tan From Face: गर्मियों में सबसे ज्यादा स्किन टैनिंग परेशान करती है। टैन से छुटकारा पाने के लिए लोग महंगे-महंगे उत्पादों का उपयोग करते हैं लेकिन ये उत्पाद कई बार त्वचा के अनुकूल नहीं होते, जिसकी वजह से त्वचा में अनेक समस्याएं पैदा होती हैं। ऐसे में आप होम मेड फेस पैक का इस्तेमाल कर सकते हैं। आइए, अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सौंदर्य विशेषज्ञ शहनाज हुसैन से जानते हैं कि नेचुरल फेस मास्क कैसे बनाएं।
पपीता फेस पैक
यदि आपका चेहरा धूप में अधिक समय तक रहने से काला पड़ गया है, तो पपीते का फेस पैक काफी मददगार साबित हो सकता है।
विधि: इसके लिए आप पका हुआ पपीता लें। पपीते का छिलका उतार उसे मैश कर लें और इसमें नींबू का रस मिला लें। इस मिश्रण को चेहरे पर लगाएं। सूखने के बाद ताजे पानी से चेहरा धो डालें। इसे आप रोजाना नियमित रूप से लगा सकती हैं। पपीते में शहद मिलाकर भी पैक बना सकते हैं। इसे लगाकर सुखाएं और ताजे पानी से चेहरा धो डालें। यह पैक सन टैन को हटाने के साथ ही त्वचा को पोषण भी देता है।
नींबू का फेस पैक
विधि: एक चम्मच नींबू का रस, एक चम्मच शहद और एक चम्मच दूध को कटोरी में मिलाकर मिश्रण बना लें। इस मिश्रण को चेहरे पर आधा घंटा लगा रहने दें और बाद में साफ ताजे पानी से धो लें। यह त्वचा की रंगत निखारने का प्राकृतिक तरीका है। दूध की वसा और खनिज त्वचा को टोन करते हैं और मैग्नीशियम, कैल्शियम आदि त्वचा को पोषण प्रदान करते हैं। वहीं, एक चम्मच चीनी और नींबू का रस मिला, पेस्ट को चेहरे पर स्क्रब करने से टैनिंग चली जाती है।
खीरा फेस पैक
खीरे का फेस पैक या आंखों पर कट-अप स्लाइस आपको आराम देगा। यह आपकी त्वचा को हाइड्रेट करता है। क्योंकि इसमें ब्लीचिंग गुण होते हैं, यह त्वचा की रंगत को भी हल्का करता है।
विधि: आपको खीरे का रस, थोड़ा गुलाब जल, थोड़ा सा नींबू का रस और एक कॉटन बॉल चाहिए। जूस बनाने के लिए खीरे को कद्दूकस कर लें। उसमें गुलाब जल डालें और ऊपर से थोड़ा सा नींबू का रस निचोड़ लें। चेहरे पर एक कॉटन बॉल से समान रूप से लगाएं। 15-20 मिनट के लिए लगाकर ठंडे पानी से धो लें। खीरा, पपीता का गूदा, दही में दो चम्मच ओट्स मिलाकर बने मिश्रण को चेहरे, गर्दन और खुले स्थानों पर लगा लीजिए। आधा घंटे बाद ताजे ठंडे पानी से धो डालिए।


