‘मौत का सौदागर’ कहे जाने वाले वैज्ञानिक ने शुरू किया था नोबेल पुरस्कार, जानिए किसे मिला था दुनिया का पहला सम्मान

‘मौत का सौदागर’ कहे जाने वाले वैज्ञानिक ने शुरू किया था नोबेल पुरस्कार, जानिए किसे मिला था दुनिया का पहला सम्मान

Nobel Prize History: हर साल जब नोबेल पुरस्कार विजेताओं की घोषणा होती है तो पूरी दुनिया की नजरें उन पर टिक जाती हैं। रातों-रात वैज्ञानिक, लेखक और समाज सुधारक पूरी दुनिया के हीरो बन जाते हैं। नोबेल पुरस्कार को दुनिया का सबसे प्रतिष्ठित और बड़ा सम्मान माना जाता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि दुनिया का पहला नोबेल पुरस्कार कब और किसे दिया गया था? आइए 1901 के उस दौर में चलते हैं और जानते हैं उन महान लोगों के बारे में जिन्हें, सबसे पहले इस ऐतिहासिक पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

Alfred Nobel story
Alfred Nobel (Image- Freepik)

कौन थे अल्फ्रेड नोबेल?

अल्फ्रेड नोबेल स्वीडन के एक मशहूर वैज्ञानिक और बिजनेसमैन थे। उन्हें मुख्य रूप से डायनामाइट के आविष्कार के लिए जाना जाता है। लेकिन उनकी जिंदगी में एक बहुत बड़ा मोड़ तब आया जब 1888 में एक फ्रांसीसी अखबार ने उनके जिंदा रहते हुए ही गलती से उनके निधन की खबर छाप दी। डायनामाइट जैसे विस्फोटक बनाने के कारण अखबार ने उन्हें मौत का सौदागर लिखा था।

यह एक खबर अल्फ्रेड नोबेल के दिल पर लग गई। वह नहीं चाहते थे कि, दुनिया उन्हें विनाश करने वाले इंसान के रूप में याद रखे। इसलिए उन्होंने अपनी वसीयत बदल दी और अपनी संपत्ति का एक बहुत बड़ा हिस्सा उन लोगों को दान करने का फैसला किया जो मानवता की भलाई के लिए उत्कृष्ट काम करते हैं। इसी वसीयत से नोबेल पुरस्कारों का जन्म हुआ।

किसे मिला था पहला नोबेल पुरस्कार

साल 1901 में पहली बार नोबेल पुरस्कार दिए गए थे। यह पुरस्कार किसी एक व्यक्ति को नहीं बल्कि पांच अलग अलग कैटेगरी में पांच महान हस्तियों को दिए गए थे:

1. भौतिकी (Physics) भौतिकी का पहला नोबेल पुरस्कार जर्मनी के विल्हेम कॉनराड रोंटजेन को दिया गया था। उन्होंने 1895 में एक्स-रे की खोज की थी। आज अस्पतालों में इस्तेमाल होने वाली एक्स-रे मशीन उन्हीं की इस महान खोज का परिणाम है जिसने, चिकित्सा जगत की तस्वीर बदल दी।

2. रसायन विज्ञान (Chemistry) नीदरलैंड के वैज्ञानिक जैकबस हेनरिकस वान टी हॉफ को रसायन विज्ञान का पहला नोबेल मिला था। उन्हें यह पुरस्कार ऑस्मोटिक प्रेशर (परासरण दाब) की खोज के लिए दिया गया था। उनके इस काम ने आधुनिक रसायन विज्ञान और पौधों व जानवरों के जीवन को समझने में बड़ी मदद की।

3. चिकित्सा (Medicine) चिकित्सा के क्षेत्र में जर्मनी के एमिल वॉन बेह्रिंग ने पहला नोबेल जीता था। उन्होंने डिप्थीरिया जैसी भयानक बीमारी से लड़ने के लिए ब्लड सीरम थेरेपी की खोज की थी। उस समय डिप्थीरिया से हजारों बच्चों की जान जा रही थी और उनके इस आविष्कार ने लाखों मासूमों की जान बचाई।

4. साहित्य (Literature) फ्रांस के मशहूर कवि सली प्रुधोम को साहित्य का पहला नोबेल पुरस्कार मिला था। उन्हें यह सम्मान उनकी खूबसूरत और गहरी सोच वाली कविताओं के लिए दिया गया था। हालांकि, आंखों की गंभीर बीमारी के कारण वह पुरस्कार समारोह में शामिल नहीं हो पाए थे।

5. शांति (Peace) पहला नोबेल शांति पुरस्कार दो महान लोगों को संयुक्त रूप से दिया गया था। इनमें पहले थे स्विट्जरलैंड के जीन हेनरी ड्यूनेंट जिन्होंने रेड क्रॉस संस्था की स्थापना की थी। आज भी रेड क्रॉस भारत समेत पूरी दुनिया में आपदा और युद्ध के समय लोगों की मदद करती है। दूसरे विजेता फ्रांस के फ्रेडरिक पासी थे जो जीवन भर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शांति के लिए काम करते रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *