रात में बंद मिला बिजलीघर…युवक ने बनाया वीडियो:सहारनपुर नगर विधायक के निरीक्षण और व्यवस्था सुधार के दावों के अगले दिन फिर गुल रही बिजली, लोगों में नाराजगी

रात में बंद मिला बिजलीघर…युवक ने बनाया वीडियो:सहारनपुर नगर विधायक के निरीक्षण और व्यवस्था सुधार के दावों के अगले दिन फिर गुल रही बिजली, लोगों में नाराजगी

सहारनपुर नगर में बिजली व्यवस्था को लेकर लोगों की परेशानी लगातार बनी हुई है। एक तरफ क्षेत्रीय विधायक रात में बिजली व्यवस्था का निरीक्षण कर अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश देते नजर आ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ अगले ही दिन शहर के कई इलाकों में लोगों को घंटों बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। इसी बीच एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें उसने रात के समय बंद पड़े बिजलीघर और कर्मचारियों की गैरमौजूदगी पर सवाल उठाए हैं। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले क्षेत्रीय विधायक राजीव गुंबर रात में बिजली व्यवस्था का निरीक्षण करने निकले थे। इस दौरान उन्होंने बिजलीघर और संबंधित इलाकों का दौरा कर अधिकारियों से व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए थे। लोगों को भरोसा दिलाया गया था कि बिजली कटौती और फॉल्ट की समस्या को जल्द दूर किया जाएगा, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके। हालांकि लोगों का कहना है कि अगले दिन भी हालात में कोई खास सुधार नजर नहीं आया। रात होते ही कई इलाकों की बिजली गुल हो गई और लोग परेशान होते रहे। इसी दौरान एक युवक बिजलीघर पहुंचा और वहां का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। वीडियो में युवक दावा करता नजर आ रहा है कि रात के समय बिजलीघर पर ताला लगा हुआ था और वहां कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं था। युवक ने कहा कि न जेई बैठता है, न एसडीओ और न ही कोई सुनवाई हो रही है। उसने आरोप लगाया कि पूरा मोहल्ला अंधेरे में डूबा हुआ है और लोग घंटों से बिजली आने का इंतजार कर रहे हैं। वीडियो में युवक ने सरकार और विभाग के दावों पर भी सवाल उठाए। उसने कहा कि जब 24 घंटे बिजली आपूर्ति के दावे किए जा रहे हैं तो फिर आम लोगों को रात में इस तरह परेशान क्यों होना पड़ रहा है। युवक ने कहा कि एक दिन पहले निरीक्षण और व्यवस्था सुधार की बात हुई, लेकिन अगले ही दिन हालात फिर पहले जैसे हो गए। वीडियो के दौरान युवक ने लाइनमैनों की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि लोग घंटों इंतजार करते रहे, लेकिन समस्या के समाधान के लिए कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *