एआई से युवती के अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने वाला गिरफ्तार:वीडियो कॉल करने और ब्लैकमेलिंग का बना रहा था दबाव; भारत-पाक बॉर्डर के पास से पकड़ा

एआई से युवती के अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने वाला गिरफ्तार:वीडियो कॉल करने और ब्लैकमेलिंग का बना रहा था दबाव; भारत-पाक बॉर्डर के पास से पकड़ा

साइबर अपराध के एक गंभीर मामले में जयपुर वेस्ट पुलिस ने एआई तकनीक के माध्यम से युवती के अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वाले आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को श्रीगंगानगर जिले में भारत-पाकिस्तान बॉर्डर के पास से डिटेन किया। डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि 17 मई को पीड़िता ने थाने में रिपोर्ट दी थी कि वह फेसबुक और इंस्टाग्राम का उपयोग करती है और अपने और परिवार के फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करती है। किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी तस्वीरों और नाम का दुरुपयोग कर फेसबुक और इंस्टाग्राम पर फर्जी ग्रुप बना लिए और उसकी फोटो को एडिट कर अश्लील तस्वीरें तैयार कर परिचितों को भेजना शुरू कर दिया। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि आरोपी युवती और उसके परिवार के बारे में भद्दे कमेंट करता था, वीडियो कॉल करने का दबाव बनाता था और ब्लैकमेल भी कर रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और साइबर जांच के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की पहचान निर्मल सिंह (25) पुत्र जोगिन्दर सिंह निवासी ओडकी थाना हिंदूमलकोट जिला श्रीगंगानगर के रूप में की। इसके बाद करधनी थाना पुलिस की टीम श्रीगंगानगर रवाना हुई। पुलिस टीम ने थाना हिंदूमलकोट के सहयोग से आरोपी की तलाश शुरू की। काफी प्रयासों के बाद पुलिस ने करीब 7 से 8 किलोमीटर तक पीछा कर आरोपी निर्मल सिंह पुत्र जोगिन्दर सिंह को भारत-पाकिस्तान बॉर्डर के पास से डिटेन किया। पूछताछ के बाद आरोपी को 27 मई को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घटना में काम लिया गया मोबाइल हैंडसेट भी बरामद कर जब्त किया है। आरोपी को ज्यूडिशल कस्टडी (जेल) में भेज दिया गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *