4 साल से पुलिस को छका रहा था ‘नेता’:मुजफ्फरनगर में मुठभेड़ में पैर में लगी गोली तो कान पकड़कर मांगी माफी, 15 हजार का था इनाम

4 साल से पुलिस को छका रहा था ‘नेता’:मुजफ्फरनगर में मुठभेड़ में पैर में लगी गोली तो कान पकड़कर मांगी माफी, 15 हजार का था इनाम

मुजफ्फरनगर में सिखेड़ा थाना पुलिस और एक शातिर इनामी बदमाश के बीच देर रात हुई मुठभेड़ में पुलिस को बड़ी सफलता मिली। करीब चार साल से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ 15 हजार रुपये का इनामी बदमाश अंकित उर्फ नेता पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। घायल होने के बाद जो बदमाश कुछ देर पहले पुलिस पर फायरिंग कर रहा था, वही पुलिस अधिकारियों के सामने हाथ जोड़कर और कान पकड़कर माफी मांगता नजर आया। जानकारी के अनुसार सिखेड़ा पुलिस को देर रात एक सटीक सूचना मिली थी कि भंडूरा गांव निवासी शातिर बदमाश अंकित उर्फ नेता क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सिखेड़ा से भिक्की गांव की ओर पहुंची और एक ट्यूबवेल के पास घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस को देखते ही बदमाश ने फायर झोंक दिया। अचानक हुई फायरिंग में पुलिस टीम बाल-बाल बच गई। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली अंकित के पैर में जा लगी। गोली लगते ही उसका सारा रौब खत्म हो गया। घायल होने के बाद बदमाश मौके पर ही हाथ जोड़कर रहम की भीख मांगने लगा और भविष्य में अपराध न करने की कसमें खाने लगा। मौके पर पहुंचे सीओ नई मंडी राजू कुमार साव के सामने भी उसने माफी मांगी। सीओ ने बताया कि गिरफ्तार किया गया आरोपी बेहद शातिर किस्म का अपराधी है। वह वारदात को अंजाम देने के बाद पंजाब में जाकर छिप जाता था और फिर मौका मिलने पर वापस आकर चोरी व अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस के अनुसार अब तक उसके खिलाफ तीन मुकदमे सामने आए हैं, जबकि उसके आपराधिक इतिहास की और जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था और पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और खोखा बरामद किया है। घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। कार्रवाई के दौरान सिखेड़ा थाना प्रभारी विजय कुमार, क्राइम इंस्पेक्टर लोकेन्द्र सिंह, भंडूर चौकी प्रभारी फरीद अहमद, कांस्टेबल अमित, सूरज और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *