शाहजहांपुर में एक युवक द्वारा थाने के अंदर बाइक चलाते हुए रील बनाने का मामला सामने आया है। इस वीडियो में युवक धीमी गति से बाइक चलाता हुआ थाने से बाहर आता दिख रहा है। वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया, जिसके बाद लोगों ने युवक पर कार्रवाई की मांग की है। यह वायरल वीडियो शाहजहांपुर के सदर थाने का बताया जा रहा है। वीडियो में एक युवक सदर थाने के अंदर बाइक स्टार्ट करता है और धीमी गति से उसे बाहर लाता है। इस दौरान एक अन्य व्यक्ति द्वारा कैमरे से उसका वीडियो बनाया गया, जो इस वीडियो में दिखाई नही दे रहा है। ये वीडियो शुक्रवार की रात वायरल हुआ है। वीडियो बनने के बाद उसे संपादित कर उसमें एक गाना जोड़ा गया। युवक ने इस रील को अपनी इंस्टाग्राम आईडी ‘अयान मोहम्मद’ पर अपलोड किया है। इस आईडी पर 69 पोस्ट हैं, 976 फॉलोअर्स और 2607 लोगों को फॉलो किया गया है। इस आईडी पर युवक की अन्य रील्स भी अपलोड हैं। सदर थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान की जा रही है और उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि इससे पहले भी शाहजहांपुर में रेलवे ट्रैक पर रील बनाने के कई मामले सामने आ चुके हैं, जिन पर जीआरपी ने कार्रवाई की थी। इसके अतिरिक्त, कुछ समय पहले कांट थाने में भी एक नाबालिग लड़की द्वारा थाने के अंदर रील बनाने का वीडियो वायरल हुआ था।


