जिलाधिकारी ने गौआश्रय स्थल मदनपुरा का निरीक्षण किया:मुख्य विकास अधिकारी भी साथ रहे, व्यवस्थाओं का जायजा लिया, दिए निर्देश

जिलाधिकारी ने गौआश्रय स्थल मदनपुरा का निरीक्षण किया:मुख्य विकास अधिकारी भी साथ रहे, व्यवस्थाओं का जायजा लिया, दिए निर्देश

महराजगंज में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह के साथ अस्थाई गौआश्रय स्थल मदनपुरा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौआश्रय स्थल में संचालित व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गोवंश शेड, पशु आहार कक्ष और भूसा कक्ष का जायजा लिया। खंड विकास अधिकारी मिठौरा ने बताया कि गौआश्रय स्थल में कुल 43 गोवंश संरक्षित हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 106 क्विंटल भूसा, 25 बोरी पशु आहार, 42 बोरी चोकर और 5 बोरी साइलेज उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त, 750 डिसमिल भूमि में हरा चारा बोया गया है, जिससे पशुओं के लिए नियमित चारे की व्यवस्था सुनिश्चित हो सके। जिलाधिकारी ने परिसर में छाया के लिए फलदार वृक्ष लगाने और वर्षा ऋतु में दलदल से बचाने के लिए घास रोपित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की स्थिति भी जांची, जो सभी क्रियाशील पाए गए। एक बीमार गोवंश के बारे में जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी ने पशु चिकित्सक से परीक्षण कराने और उसकी विशेष देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि मृत गोवंश के शव का गरिमापूर्ण निस्तारण किया जाए। कमजोर गोवंशों को पक्षियों के हमलों से बचाने के लिए जिलाधिकारी ने गोवंश शेड के चारों ओर जाल लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने गौआश्रय स्थल में 24 घंटे केयर टेकर की उपस्थिति सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान सोलर पैनल और अन्य व्यवस्थाएं भी सुचारू रूप से क्रियाशील पाई गईं। केयर टेकर मौके पर उपस्थित मिले और गोवंश की स्थिति संतोषजनक पाई गई। जिलाधिकारी ने समग्र व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी मिठौरा राहुल सागर और जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *