परशदेपुर चौकी क्षेत्र में एक बारात के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में जनवासे के पास खाट के नीचे पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान 22 वर्षीय बृजेश उर्फ गोलू यादव के रूप में हुई है, जो डीह थाना क्षेत्र के शेरनाथपुर (चिलिहा) मजरे गोपालपुर का निवासी था। वह अमरजीत पुत्र रामखेलावन की बारात में पुर कलंदर निवासी राजू यादव पुत्र गौरीशंकर के यहां आया था। मृतक के भाई मनोज पुत्र जियाराम ने बताया कि जयमाल कार्यक्रम रात करीब 1:30 बजे समाप्त हुआ था। इसके बाद वह अपने छोटे भाई बृजेश को जनवासे में छोड़कर चला गया था। लगभग 2 बजे बासुदेव पुत्र रामखेलावन ने बृजेश का शव जनवासे के पास एक खाट के नीचे पड़ा देखा। घटना की जानकारी मिलते ही डीह थाना प्रभारी जितेंद्र मोहन और चौकी प्रभारी मोहित शर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच पड़ताल की और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। डीह थाना प्रभारी जितेंद्र मोहन ने बताया कि युवक की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।


